दिल्ली पुलिस के सामने पस्त हुए पहलवान

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का गवाह पूरा देश बना। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में एक ऐसी घटना भी हो गई, जिस पर पूरा देश अफसोस जता रहा है। सड़कों पर रोती बिलखती देश की बेटियों की तस्वीरें लोगों को परेशान कर रही हैं। दरअसल भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे यौन आरोपों के खिलाफ पिछले 36 दिनों से धरने पर बैठे पहलवान अचानक रविवार को नए संसद भवन की ओर कूच पर निकल गए। पहलवानों ने संसद की तरफ कुछ कदम ही आगे बढ़ पाए थे कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने विरोध के बीच उन्हें हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई का पहलवानों ने जमकर विरोध किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने पहलवानों को हिरासत लेकर उनके कूच को विफल कर दिया।

दिल्ली पुलिस ने बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक समेत सभी प्रदर्शनकारी पहलवानों को उनके समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया है और रविवार को जंतर-मंतर पर धरना स्थल पर लगे उनके टेंट को भी हटा दिया है। जंतर-मंतर पर अफरातफरी के बीच पहलवानों और पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और विनेश फोगाट और उनकी बहन संगीता फोगाट ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। विनेश ने हिरासत में लिए जाने के प्रयास के दौरान कड़ा प्रतिरोध किया और संगीता उनसे लिपट कर सड़क पर लेट गई। इस दौरान जंतर मंतर पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अधिकारियों ने पहलवानों से कहा कि वे देश विरोधी कुछ भी न करें। उधर इस मामले को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल समेत कई नेता पहलवानों के समर्थन में सामने आ गए हैं और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोल रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महिला पहलवानों को हिरासत में लिए जाने के बाद रविवार को आरोप लगाया कि ‘राज्याभिषेक’ पूरा होने के पश्चात ‘अहंकारी राजा’ सड़कों पर जनता की आवाज को कुचल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद के नए भवन का उद्घाटन किए जाने का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘राज्याभिषेक पूरा हुआ – ‘अहंकारी राजा’ सड़कों पर कुचल रहा जनता की आवाज़!’

प्रियंका गांधी का ट्वीट पहलवानों के समर्थन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘खिलाड़ियों की छाती पर लगे मेडल हमारे देश की शान होते हैं। उन मेडलों से, खिलाड़ियों की मेहनत से देश का मान बढ़ता है। भाजपा सरकार का अहंकार इतना बढ़ गया है कि सरकार हमारी महिला खिलाड़ियों की आवाजों को निर्ममता के साथ बूटों तले रौंद रही है।’ उन्होंने कहा, ‘ ये एकदम गलत है। पूरा देश सरकार के अहंकार और इस अन्याय को देख रहा है।’ कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने महिला पहलवानों को हिरासत में लिए जाने की तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘राजदंड तंत्र।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button