महाराष्ट्र के बुलढाणा में प्रसाद खाने के बाद सैकड़ों लोगों की तबीयत बिगडी,300 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार

कांती जाधव/ महाराष्ट्र ब्यूरो। महाराष्ट्र के बुलढाणा में 300 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. हालत बिगड़ते ही सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें महिला, पुरुष व बच्चे भी शामिल हैं। दरअसल, जिले के लोनार तहसील के सोमठाना गांव के मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम के छठवें दिन रात 10 बजे प्रसाद बांटा गया था।इस दौरान सोमठाना और पड़ोस के खापरखेड़ गांव के लोग बड़ी संख्या में प्रसाद लेने पहुंचे। प्रसाद खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को पेट दर्द की शिकायत हुई, इसके बाद उल्टी और दस्त शुरू हो गए। लोगों की तबीयत बिगड़ते ही पूरे गांव में अफरातफरी मच गई।
मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मरीजों के लिए बेड कम पड़ने लगे तो मरीजों को फर्श पर लिटाकर इलाज शुरू किया गया। वहीं अस्पताल के बाहर खुली जगह में भी तमाम मरीजों को लिटाकर इलाज शुरू किया गया। जिसे जहां जगह मिली, वहां मरीजों का इलाज कराया।
गांव के स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि 400 से 500 लोगों की तबीयत बिगड़ी है. कई मरीजों को मेहकर और लोणार के सरकारी अस्पताल भेजा गया है. एक मरीज ने कहा कि गांव में धार्मिक कार्यक्रम का आज छठा दिन था। हमने एकादशी प्रसाद खाया, जिससे तबीयत बिगड़ गई।
एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि सोमठाना गांव में धार्मिक कार्यक्रम का छठा दिन था, आज एकादशी होने के कारण प्रसाद रखा गया था, जिसे 400 से 500 लोगों में वितरित किया गया। सभी की तबीयत बिगड़ गई। लोगों का बीबी, मेहकर और लोणार के अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।



