आगरा एक्सप्रेसवे पर कार के उड़े परखच्चे, कारोबारी और मैनेजर की मौत

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के आगरा एक्सप्रेसवे से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कानपुर से दिल्ली जा रहे सीमेंट कारोबारी की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस हादसे में किआ कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कारोबारी और वुड कंपनी के मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सेल्स मैनेजर और एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कानपुर के गोविंद नगर निवासी पेंट, हार्डवेयर और सीमेंट कारोबारी सागर कपूर (42) गुरुवार को दिल्ली स्थित वुडको कंपनी के हेड ऑफिस में आयोजित मीटिंग में शामिल होने के लिए जा रहे थे। उनके साथ कंपनी के दिल्ली के मैनेजर जितेंद्र आहूजा (45) दिल्ली निवासी, कानपुर मंडल के सेल्स मैनेजर राजेश ओझा भी साथ में थे। वहीं, उनके साथी गंगागंज पनकी निवासी रेल कर्मी दुर्गा प्रसाद सैनी दिल्ली जा रहे थे।
कारोबारी सागर कपूर कार ड्राइव कर रहे थे। गुरुवार को कार करहल क्षेत्र में माइल स्टोन 90 के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसकी वजह से कार कई बार हवा में उछलने के बाद पलट गई। जिसमें कारोबारी सागर कपूर और आगे की सीट पर बैठे मैनेजर जितेंद्र आहूजा की मौत हो गई। राजेश ओझा और दुर्गा प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। एयर बैग खुले थे, लेकिन गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की वजह से जान नहीं बच सकी।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जान गवाने वाले कारोबारी सागर कपूर अपने परिवार के इकलौते थे। सागर की शादी की बात चल रही थी, लेकिन मौत के साथ ही शादी के अरमान दफन हो गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां मां सीमा बेहोश गईं। बेटे का शव देखकर परिजन और रिश्तेदार बिलख पड़े। पोस्टमॉर्टम के बाद शव रात लगभग ग्यारह बजे घर पहुंचा तो चीखपुकार मच गई।




