वसीम ने ‘बाबा’ को ब्लेड मारने का किया था ऐलान, जीटीबी अस्पताल हत्याकांड में आरोपियों का दावा, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। जीटीबी अस्पताल के वॉर्ड में सनसनीखेज मर्डर में पकड़े तीसरे आरोपी तीसरे आरोपी मोइन पुत्र मेहरबान(उम्र 19 वर्ष) निवासी लक्ष्मी गार्डन, लोनी गाजियाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मोइन मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है और गोलीबारी की घटना से पहले रेकी में शामिल था। उसने अपने साथियों अयान, अमन और शावेज के साथ लगातार 4 दिनों तक अस्पताल की रेकी की थी। मोइन अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को छिपाने में शामिल था।
इस मामले में पुलिस ने लोनी के फैज (20) और चौहान बांगर के फरहान (21) को पहले ही पकड़ लिया था। पुलिस ने सोमवार को दोनों को कोर्ट से रिमांड पर लिया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि कबीर नगर के समीर बाबा को वसीम के मर्डर का काम सौंपा गया था, जिसने 12 जून की रात वेलकम के शैतान चौक पर अपने साथियों समेत वसीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग करवाई थी।
आरोपियों का दावा है कि वसीम ने गैंगस्टर हाशिम बाबा पर भी ब्लेड से हमला करने का ऐलान किया था। इसलिए शास्त्री पार्क के घोषित बदमाश वसीम की हत्या की फूलप्रूफ साजिश रची गई। हालांकि गलत पहचान होने से अन्य मरीज रियाजुद्दीन मारे गए। वसीम जेल के भीतर बाबा गैंग के गुर्गों को ब्लेड मार चुका था। पिछले महीने उस पर जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी पर भी जेल जाने पर ब्लेड लग चुके थे। लंबे समय बाद किसी ने बाबा को चैलेंज देने की हिमाकत की थी।
जीटीबी अस्पताल में रविवार शाम करीब 4:00 बजे हुए शूटआउट में फायरिंग करने वाले लड़के की उम्र को लेकर अभी भी पुलिस गफलत में है। सूत्रों ने बताया कि नाबालिग अपराधियों के रिकॉर्ड में मुंडा-फाइव नाम से दर्ज इस उभरते बदमाश की सही उम्र का पता लगाया जा रहा है। जांच में पता चला है कि ये यूपी के बदायूं जिले से है। इसके पिता गांव में ही रहते हैं। ये ज्योति नगर इलाके के कबीर नगर में रहता है। इसके खिलाफ नाबालिग रहते हुए ज्योति नगर थाने में 2023 में पहला मुकदमा हत्या के प्रयास का दर्ज हुआ। दूसरा केस लूटपाट का था जबकि तीसरी एफआईआर गैर इरादतन हत्या के प्रयास की है। एक ही साल में तीन संगीन मुकदमे इसके नाम पर हैं। आखिरी बार ज्योति नगर पुलिस ने इसे अगस्त 2023 में पकड़ा था, तब डॉजियर में इसकी उम्र 16 साल दर्ज की गई थी। इसलिए पुलिस दिल्ली से लेकर बदायूं तक के इसके दस्तावेज खंगालना चाहती है, ताकि इसकी सही उम्र वेरिफाई हो सके।




