सोनीपत के आशीष और पारुल दहिया को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, भारत मंडपम में होगा भव्य आयोजन

नई दिल्ली। रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सोनीपत के आशीष दहिया और पारुल दहिया को नेशनल इंटीग्रेशन फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (एनआईएफएए) की सिल्वर जुबली नेशनल सेरेमनी में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाएगा। यह भव्य आयोजन 21 से 24 सितंबर 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जिसमें मॉरिशस के महामहिम राष्ट्रपति मुख्य अतिथि होंगे। आशीष दहिया ने अब तक 166 बार रक्तदान किया है और आर्याव्रत ब्लड कमांडो नेटवर्क के जरिए हजारों लोगों को इस पुण्य कार्य से जोड़ा है। वहीं, पारुल दहिया 18 बार रक्तदान कर चुकी हैं और आर्याव्रत नारीशक्ति समूह के माध्यम से महिलाओं को समाजसेवा और रक्तदान के लिए प्रेरित कर रही हैं। दोनों के प्रयासों ने युवाओं में सेवा और जागरूकता की नई लहर पैदा की है।
एनआईएफएए जो 6 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के साथ कला, संस्कृति और समाजसेवा को बढ़ावा देता है, देशभर के चुनिंदा समाजसेवियों को सम्मानित कर रहा है। संस्थापक प्रीतपाल सिंह पन्नू ने बताया कि यह आयोजन परिवर्तनशील युवाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का प्रयास है। दिल्ली के बाद यह समारोह करनाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कुरुक्षेत्र भ्रमण के साथ आगे बढ़ेगा।
आशीष और पारुल ने इस सम्मान को सोनीपत के सिसाना की उस सोच को समर्पित किया, जो सेवा को धर्म मानती है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान हमारे लिए नहीं, बल्कि उस विचार के लिए है, जो समाज को जोड़ता है। यह मंच हमें और हमारे जिले के युवाओं को नई ऊर्जा देगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button