एलपीजी सिलेंडर से एलपीजी नहीं चोरी कर पाएंगे वेंडर, नई तकनीक हुई विकसित

नेशनल डेस्क। अब वेंडर सिलेंडर से एलपीजी चोरी नहीं कर पाएंगे। एलपीजी की टेस्टिंग करने वाली एजेंसी एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर बैंगलूरू की ओर से नई तकनीक विकसित की है, जिसमें सिलेंडर उल्टा कर गैस निकालने की कोशिश करने पर भी गैस नहीं निकलेगी। इंडेन, भारत गैस और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों की संयुक्त टेस्टिंग और रिसर्च संस्था बैंगलूरू में एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर है। रिसर्च सेंटर के मुख्य प्रबंधक संतोष गुप्ता ने बताया कि सिलेंडरों से एलपीजी चोरी की शिकायतों के निवारण के लिए संस्था प्रयास कर रही थी। शिकायतें मिलती थीं कि खाली सिलेंडर के ऊपर नोजल लगाकर भरा सिलेंडर रखकर गैस की चोरी कर ली जाती है। इसके निवारण के लिए अब सिलेंडर में ऐसी तकनीक विकसित की गई है कि जिससे सिलेंडर उल्टा करते ही गैस जाना बंद हो जाएगी। जल्द ही यह परीक्षण पूरा कर इसको एलपीजी कंपनियों को दे दिया जाएगा। इससे सिलेंडरों से गैस चोरी करना आसान नहीं रह जाएगा।
एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर बैँगलूरू संस्थान ने गैस बचत के तरीके ईजाद किए हैं। संस्थान की ओर से हाल ही में एक हाई थर्मल एफिसिएंसी स्टोव बनाया गया है। इस चूल्हे से निकलने वाली करीब 74 फीसदी एलपीजी गैस का उपयोग हो पाता है। वहीं, पूर्व में आने वाले चूल्हे में 66 फीसदी ही गैस का उपयोग हो पाता था। इससे घरों में करीब 8 फीसदी तक एलपीजी अधिक चलेगी।
घरों में आने वाली एलपीजी सिलेंडर में अक्सर लीकेज की शिकायत आती है। इस समस्या का समाधान करने के लिए एजेंसियों के कर्मियों को एक लीक टेस्टर दिया जाएगा। इसको सिलेंडर के ऊपर लगाने पर सिलेंडर की लीकेज बता देगा। एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर बैंगलूरू ने इस उपकरण को बनाया है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में मंगलवार को एलपीजी वीक-2022 का शुभारंभ हुआ। शाम पांच बजे आईओसीएल के चेयरमैन श्रीकांत माधव वैद्य ने एक्सपो का दौरा किया। इस दौरान देश और विदेश से लगभग 80 कंपनियों ने स्टॉल लगाए हैं। बुधवार को एक्सपो में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप एस पुरी के आने का कार्यक्रम है, वह एक्सपो का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।




