आजमगढ़ में 4 युवक नदी में डूबे,एक की मौत

आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)। यूपी के आजमगढ़ अतरौलिया में छोटी सरयू किनारे सोमवार तड़के छठ पूजा की खुशियाें को ग्रहण लग गया। पूजा में शामिल होने आए चार किशोर नहाने के दौरान गहरे पानी में जा समाए, तीन बच्चों को किसी तरह बचा लिया गया। वहीं एक किशोर का शव बरामद हुआ। हादसे की भनक लगते ही परिवार में कोहराम मच गया तो घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा था। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी 16 वर्षीय सत्यम यादव की भाभी चमन छठ व्रत की थीं। पूरा परिवार तड़के घाट किनारे उगते भगवान भाष्कर को अर्घ्य देने के लिए घर से निकला था। चमन पानी में उतर सूर्यदेव के उगने का इंतजार करने लगीं, जबकि परिवार के लोग गीत गाने और खुशियों में डूबे हुए थे। इसी बीच सत्यम, रिश्तेदारी आए दो सगे भाई अनिकेत, अभिषेक और एक अन्य किशोर को नहाने की सूझी। इसके बाद चारों ने घाट से कुछ दूर जाकर सरयू में नहाने के लिए छलांग लगा दी।
आजमगढ़ के एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया ने बताया कि भरसनी गांव से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। जिसके लिए छोटी सरयू नदी से मिट्टी की खुदाई की गई थी। खुदाई की वजह से नदी गहरी हो गई। इसकी जानकारी न तो ग्राम प्रधान ने और न ही किसी ग्रामीण ने थाने पर दी। यदि मामले की जानकारी प्रशासन को होती तो यहां पर भी बैरिकेटिंग की गई होती। अंदाजा न मिलने के कारण यह हादसा हो गया।एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया का कहना है कि इस घाट पर छठ पूजा का आयोजन होता है इसकी जानकारी न तो ग्राम प्रधान ने और न ही किसी ग्रामीण ने थाने पर सूचना दी थी। यदि मामले की जानकारी प्रशासन को होती तो यहां पर भी पर्याप्त व्यवस्था की गई होती।




