सहारनपुर के स्‍टेडियम में ​कबड्डी खिलाड़ियों को टॉयलेट में खाना परोसने पर कड़ा ऐक्‍शन, खेल अधिकारी सस्‍पेंड

सहारनपुर,(उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर में कबड़ी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स स्टेडियम के टॉयलेट में खाना परोसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौतरफा हड़कंप मच गया है। शासन ने सहारनपुर के खेल अधिकारी को तत्काल प्रभाव से सस्‍पेंड कर दिया है। जिलाधिकारी ने एडीएम को मामले की जांच 3 दिन में रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। वायरल वीडियो में पके हुए चावल, पूड़ियां और कड़ाही भी स्टेडियम के शौचालय में रखे हुए दिखाई दे रहे थे।
सहारनपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंडर-17 गर्ल्स कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में सूबे के करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का खाना बनाया गया। खाना स्टेडियम के स्वीमिंग पुल के टॉयलेट के बाहर बनाया गया था। आरोप है कि खिलाड़ियों को परोसने के लिए तैयार किया गया खाना टॉयलेट के अंदर रख दिया गया। इसका वीडियो बना कर किसी ने वायरल कर दिया था।वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि खिलाड़ियों को खिलाने के लिए किस तरह चावल और पूड़ियां टॉयलेट के फर्श पर नीचे रखी गई हैं। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि यूरिनल के पास खाना बनाने वाली कड़ाही भी रखी है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौतरफा हड़कंप मच गया था।
मामले को लेकर खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना का कहना था कि खिलाड़ियों के लिए अच्छी क्वालिटी का खाना बनवाया गया था। पहले जो चावल तैयार हुए उनकी क्वालिटी सही नहीं थी। इसलिए पके हुए चावलों को फिकवा कर अच्छी क्वालिटी के चावल खिलाड़ियों के लिए मंगाए गए थे। क्योंकि बारिश हो रही थी और पूरे स्टेडियम में निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए खिलाड़ियों के लिए खाना स्विमिंग पूल में बनवाया गया था और खाना स्विमिंग पूल के चेंजिंग रूम में परोसा जा रहा था। खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों को खाना टॉयलेट में परोसे जाने से इनकार किया था। टॉयलेट में खाना परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौतरफा हड़कंप मचा हुआ है। शासन स्तर से सहारनपुर के खेल अधिकारी अनिमेष सक्सेना को सस्‍पेंड कर दिया गया है। इस संबंध में सहारनपुर के एडीएम एफ रजनीश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्हें इसकी जांच सौंपी है। डीएम ने एडीएम को 3 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाना बनाने व खिलाड़ियों को उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button