तिमारपुर स्थित बाल सुधार गृह में नहाने के विवाद में नाबालिग की पीटकर हत्या
दो लड़कों पर पीटने का आरोप, पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज

नई दिल्ली। तिमारपुर स्थित मजनू का टीला में मौजूद बाल सुधार गृह में नाबालिग की पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह पहले नहाने को लेकर नाबालिग का दो अन्य लड़कों से विवाद हो गया। इसी दौरान दोनों ने मिलकर नाबालिग की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे गार्ड व अन्य कर्मचारियों ने नाबालिग को आनन-फानन में बाड़ा हिन्दू राव अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को खबर दी। तिमारपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया का कहना है कि नाबालिग का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके लिए दिल्ली सरकार से सिफारिश की गई है। पीएम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। वहीं, मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया, छानबीन के दौरान पता चला कि नाबालिग इसी साल हौजखास इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में बाल सुधार गृह में आया था। मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे नाबालिग नहाने जा रहा था। इस दौरान बाल सुधार गृह में बंद दो अन्य लड़कों से इसका झगड़ा हो गया। दोनों ने नाबालिग की जमकर पिटाई की, जिससे वह अचेत हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोाषित कर दिया गया। दोनों आरोपी लड़कों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी मृतक का ही साथी था। वह उसके साथ ही हत्या के प्रयास वाले मामले में बाल सुधार गृह आया था। वहीं दूसरा लड़का वर्ष 2022 में मुंडका में हुई हत्या के मामले में बाल सुधार गृह में बंद था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।




