मुठभेड़ में घायल हुआ सरगना, कागज की गड्डी पर 500 के नोट लगाकर करता था ठगी

Gang leader injured in encounter, used to cheat people by putting 500 rupee notes on a bundle of paper

नोएडा। नोएडा में कागज की गड्डी पर 500 के नोट लगाकर मेट्रो स्टेशन और बस अड्डे के पास लोगों को जाल में फंसाकर उनसे टप्पेबाजी करने वाले सरगना विकास को सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मार दी।
वहीं, मंगलवार रात टीम ने सेक्टर-37 में घेराबंदी के दौरान उसके चार साथियों को भी दबोच लिया। गिरोह से तमंचा, कारतूस, स्विफ्ट डिजायर कार, 500 के नोट लगी कागज की दो गड्डी और पांच फोन बरामद हुए हैं। शातिर सदस्य लग्जरी गाड़ी में बैठकर शिकारी ढूंढते थे। फिर उन्हें मजबूरी बताकर जाल में फंसाते थे। सम्मोहित कर शातिर उनका मोबाइल या डेबिट कार्ड टपाकर भाग जाते थे।
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-37 से जाने वाले कट पर पुलिस टीम ने चेकिंग में स्विफ्ट डिजायर कार के युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वो दादरी रोड की तरफ भाग गए। टीम ने पीछा कर संदिग्धों को ग्रीन बेल्ट में घेर लिया। पेड़ से गाड़ी टकराने पर युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
वहीं, बचाव में टीम ने एक गोली बिहार के भागलपुर निवासी विकास के पैर में मार दी, जबकि साथी अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में छिपने का प्रयास करने लगे। टीम ने रंजन निवासी मुजफ्फरपुर बिहार, मौ. कुर्बान और पिंटू उर्फ संजय व अमन निवासी पटियाली कासगंज को गिरफ्तार कर लिया। शातिर सदस्य दिल्ली के बवाना की जे.जे. कालोनी में रहते हैं।
सरगना विकास समेत सभी शातिर सातवीं- आठवी कक्षा तक पढ़े हैं। वे लग्जरी गाड़ी से दो घंटे में लोगों को ढूंढकर लक्ष्य सेट करते थे। फिर दूसरा शातिर दिल्ली-एनसीआर का पता पूछ कर मदद के बहाने युवक को जाल में फंसाता था। एक स्थान पर गिरोह के तीन से चार सदस्य होते थे। पीड़ित को एटीएम में ले जाकर डेबिट कार्ड चुरा लेते या काल के बहाने मोबाइल बदल लेते थे।
पुलिस का दावा है कि ठगी की रकम को शातिर गेमिंग ऐप में जोड़ लेते थे। फिर घर पहुंचकर गेम से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कर लेते थे। सरगना पर दिल्ली और नाेएडा के थाने में विभिन्न घटना के पांच मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले साल ही दिल्ली में जेल गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button