ग्लैमर की चकाचौंध के साथ हुक्काबार में दी जाती है लुभावनी स्कीम

गाजियाबाद ब्यूरो। हुक्काबार में युवाओं को बुलाने के लिए संचालक किसी प्रकार की भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अपना धंधा चलाने के लिए बार संचालक किशोरों और युवाओं को विभिन्न माध्यमों से आकर्षित करते हैं। उन्हें न केवल लुभावने आफर दिए जाते हैं बल्कि युवतियों का सहारा भी लिया जाता है। युवतियां हुक्का परोसती हैं। कच्ची उम्र में युवा आकर्षित होकर हुक्काबार की तरफ रुख करते हैं और नशे के दलदल में फंस जाते हैं। जिले की हुक्काबारों में यह धंधा आम हो चुका है। बावजूद इसके पुलिस व प्रशासन जिले में बड़ी संख्या में संचालित हुक्काबारों पर शिकंजा नहीं कस पा रहे हैं। हुक्के के फ्लेवर के नाम पर भी डिस्काउंट देकर बार संचालक युवाओं को आकर्षित करते हैं। फ्लेवर के नाम पर नशा भी परोसा जाता है। हुक्का बार संचालकों ने जिले में इस तरह से मकड़जाल फैलाया हुआ है कि युवा व किशोर इसमें फंसते जा रहे हैं।
अमूमन आबकारी विभाग से बार का स्थायी लाइसेंस आसानी से जारी नहीं होता। हुक्काबार संचालक मुनाफा कमाने के लिए पांच हजार रुपये में मिलने वाला एक दिन का अस्थायी लाइसेंस लेते हैं और हुक्काबार में शराब परोसते हैं। हुक्काबार संचालक बाहर से लाई गई शराब पर पांच सौ रुपये प्रति बोतल वसूलने के साथ अपने यहां की शराब को दोगुनी कीमत में बेचते हैं। शराब के माध्यम से वह बार में हुक्का व अन्य खाने-पीने की चीजों पर भी मुनाफा कमाते हैं। इसके साथ ही कई हुक्काबार संचालक बिना अस्थायी लाइसेंस लिए अवैध रूप से शराब परोसते हैं।
हुक्काबार में हैप्पी आवर्स के नाम पर विभिन्न स्कीम दी जाती है। इसमें हुक्का समेत, शराब व खाने पीने की चीजों पर विशेष छूट दी जाती हैं। हैप्पी आवर्स में अमूमन एक के साथ एक चीज फ्री दी जाती है। इस तरह से हुक्काबार में स्कीम का खेल चलाया जाता है। हुक्का बार का पूरा धंधा वाट्सएप के माध्यम से संचालित होता है। हुक्काबार संचालक ग्राहकों की ब्राडकास्ट लिस्ट व ग्रुप बनाते हैं और इस पर विभिन्न प्रकार की स्कीम, स्कीम लागू रहने का समय और आफर की जानकारी डालते हैं। इसके बाद ग्राहक हुक्काबार में जाते हैं।एक जानकार के मुताबिक हुक्काबार में नशे की खेप व हुक्का और इसके उपकरण दिल्ली से लाए जाते हैं। विभिन्न प्रकार के फ्लेवर, तंबाकू व अन्य नशे का सामान आन डिमांड डिलीवर किया जाता है।
हुक्काबार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। हुक्काबार को चिह्नित कर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और संचालकों को गिरफ्तार किया जाएगा। – मुनिराज जी. एसएसपी




