‘साहब, मेरी पैंट चोरी हो गई, मदद करो’, थानेदार के पास लुंगी में शिकायत लेकर पहुंचा ड्राइवर, टीआई ने की मदद

भिंड में नशे की हालत में सोए ट्रक ड्राइवर की पैंट चोरी हो गई है। इसके बाद वह देहात थाना पहुंचा। पुलिसकर्मियों से कहा कि पैंट चोरी हो गई है। थानेदार ने उसे कैश की मदद की और आगे से नशा नहीं करने की नसीहत दी है।

भिंड/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक ऐसा मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की सकारात्मक छवि को उजागर किया है। देहात थाना क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर अपनी समस्या लेकर लुंगी पहने थाने पहुंचा, जहां थाना प्रभारी ने न केवल उसकी बात गंभीरता से सुनी, बल्कि तुरंत आर्थिक मदद भी प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के छल्ला गांव निवासी विपिन कुमार ट्रक चालक है। वह अटेर क्षेत्र में ट्रक मालिक को वाहन सौंपने के बाद नशे की हालत में कहीं सो गया। विपिन को यह भी याद नहीं कि वह कहां सोया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उसकी पैंट चोरी कर ले गया, जिसमें नगदी और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
जब विपिन की नींद खुली तो उसने पाया कि उसकी पैंट गायब है। पैंट में लगभग 1500 रुपए नकद, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान था। मजबूरी में वह लुंगी पहनकर ही देहात थाना पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी आपबीती सुनी तो वे भी हैरान रह गए। इसी दौरान थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को समझते हुए तुरंत संवेदनशीलता दिखाई और पीड़ित चालक को 400 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उसे भविष्य में शराब का सेवन न करने की सख्त समझाइश भी दी।
विपिन कुमार ने भी थाना प्रभारी के सामने कसम खाई कि वह आगे से शराब नहीं पिएगा। इसके बाद पुलिस ने उसे आवश्यक मार्गदर्शन देकर रवाना कर दिया। इस घटना के बाद पूरे जिले में थाना प्रभारी की संवेदनशीलता और मानवता की भावना की सराहना हो रही है। यह मामला दर्शाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी पुलिस का मानवीय चेहरा लोगों के लिए सहारा बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button