गोद लिए बेटे की बेरहमी: मां के मुंह पर ईंट से किए वार

अमरोहा,(उत्तर प्रदेश)। गोद लिए बेटे ने ईंट से मुंह पर वार कर मां की हत्या कर दी। घटना की जानकारी गांव में उस वक्त हुई, जब पड़ोस की एक वृद्ध महिला बर्तनों की आवाज आने पर उधर पहुंची। हत्या करने के बाद आरोपी युवक शव को कमरे में खींच रहा था। वृद्धा के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़ पड़े। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिनदहाड़े युवक द्वारा मां की हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी युवक पुलिस की हिरासत में है। सनसनी फैलाने वाली यह घटना थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गौसाईं में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। विजयपाल प्रजापति गांव में लगे नलकूप पर देखभाल का काम करते हैं। कोई संतान नहीं होने के कारण उन्होंने अपने छोटे भाई रोहताश के बेटे रोहित प्रजापति को पैदा होने के बाद ही गोद ले लिया था।
ग्रामीणों ने बताया कि पड़ोस की वृद्धा शांति देवी पत्नी नेतराम को विजयपाल के घर से बर्तनों के खटकने की आवाज आई। उसने जाकर देखा तो रोहित आंगन से अपनी मां के शव को कमरे में खींच रहा था। इसके बाद उसने शोर मचा दिया। तुरंत गांव के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हिरासत में लिया। मुन्नी के शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गजरौला के सलेमपुर गौसाईं में गोद लिए बेटे द्वारा ईंट से वार कर मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। विजयपाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।




