यूपी में हुई अनोखी शादी,लड़की ने भगवान शिव को पहनाई वरमाला

झांसी,(उत्तर प्रदेश)। भगवान शिव शंकर की दीवानी झांसी की एक लड़की ने उनसे शादी कर उन्हें अपना पति बना लिया। शहर के अन्नपूर्णा कॉलोनी की रहने वाली गोल्डी ने शंकर भगवान को अपने पति के रूप में स्वीकार करते हुए उनके साथ विधि विधान से परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में शादी कर ली। शहर में यह शादी इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है।
वरमाला के बाद समारोह में मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों ने भोज में हिस्सा लिया। इस अनूठी शादी के दौरान लड़की के परिवार और रिश्तेदारों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। परिवार के लोगों के अनुसार उन्हें बेटी के इस निर्णय पर किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं हैं और वे बेटी के इस निर्णय के साथ हैं।
गोल्डी ने मीडिया को बताया कि उसे बचपन से ही भगवान शंकर से शादी करने का मन था। आज इस बात से वह बहुत ख़ुश है कि मन की इच्छा पूरी हो रही है। गोल्डी ने कहा कि भगवान शिव को अपना साजन बनाया है और वे हमेशा साथ देंगे। कोई भी कन्या चाहती है कि उसका पति हमेशा उसका साथ दे। भगवान शिव हमेशा साथ देंगे।
गोल्डी के परिवार के लोगों ने इस शादी के लिए झांसी के एक विवाह घर में समारोह और भोज की व्यवस्था रखी। यहां बैंड बाजे की धुन पर बारात पहुंची और शिव शंकर को दूल्हे के रूप में सजाकर यहां लाया गया। विवाह घर में दुल्हन के रूप में गोल्डी ने वरमाला पहनाकर शंकर भगवान को अपना पति बना लिया। वरमाला के बाद विवाह की रस्म पूरी हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button