यूपी के अलीगढ़ में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश: महिला से मिलवाते, बलात्कार का भय दिखाकर मोटी रकम वसूलते
हनी ट्रैप कर ली रकम में से 50 हजार बरामद

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ पुलिस ने जवां के रहने वाली तीन महिलाओं समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग सबसे पहले महिला के माध्यम से पुरूष को बातों में फंसाते थे। फिर उसे एकांत में मिलने के लिए बुलाते थे। एकांत में गैंग के अन्य सदस्य आकर उस आदमी को महिला के साथ बलात्कार करने का डर दिखाकर मुकदमा लिखाने की धमकी देते थे। उससे मोटी रकम की डिमांड करते थे। रकम न देने पर झूठा मुकदमा तक लिखवा देते थे।
थाना जवां सिकंदरपुर के रहने वाले व्यक्ति ने 23 सितंबर को थाना क्वार्सी में धोखाधड़ी से हनी ट्रैप कर जबरन वसूली करने का मुकदमा दर्ज कराया। जांच में सामने आया कि अभियुक्त रामअवतार निवासी ग्राम सुनाना थाना जवां का एक गैंग है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। गैंग सरगना रामअवतार सबसे पहले महिलाओं के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से साम्प्रदायिक आधार पर पुरूषों को बहलाने एवं उकसाने का कार्य करता है।
फिर किसी एक महिला को व्यक्ति के पास एकांत में भेजकर यकायक अन्य महिलाओं के साथ मौके पर पहुंचकर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़कर बलात्कार के मुकदमे का भय दिखाकर उस व्यक्ति से मोटी रकम की मांग की जाती। रकम न मिलने पर महिला को पीड़ित बताकर झूठा मुकदमा लिखा दिया जाता। गैंग ने अब तक कई लोगों को हनी ट्रैप कर मोटी रकम वसूली । पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गैंग के सरगना रामअवतार व उसकी तीन महिला साथियों को शेर-ए-पंजाब होटल के पास एफएम टावर नगला पटवारी क्वार्सी से गिरफ्तार किया गया। दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है ।
वादी की जान पहचान सरगना रामअवतार से पहले की थी। 20 अगस्त को रामअवतार ने वादी से कहा कि शाम में द लाइट ओयो होटेल की पार्टी में आना है। वादी पार्टी में पहुंच गया। वहां पर रामअवतार, टीपू और चार महिलाएं पहले से मौजूद थीं । वादी के पहुंचने पर सभी लोगों ने पार्टी शुरू की। आपस में बात करते-करते वादी को पकड़ कर अभद्रता करने लगे और जोर जोर से चिल्लाने लगे। वे कहने लगे कि तुम औरतों से छेड़छाड़ कर रहे हो। तुम्हारे खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट करेंगे । बचना है, तो पांच लाख दो नहीं तो तुम्हारे खिलाफ महिला से बलात्कार की रिपोर्ट लिखा देंगे। वादी यह सब देख कर घबरा गया मजबूर होकर उसने अपने घरवालों से पैसों का इंतजाम कर रामअवतार व उसके साथियों को 150000 दे दिया। इस गैंग ने गुलशेर नाम के व्यक्ति से भी इसी प्रकार वसूली।
ये हुए गिरफ्तार
- रामअवतार निवासी ग्राम सुनाना थाना जवां अलीगढ़ (सरगना)
- दुर्गेश निवासी पला कस्तली थाना जवां अलीगढ़
- हेमलता निवासी ठाकुर वाली गली कस्बा व थाना जवां अलीगढ़
- सुनीता निवासी कस्बा व थाना जवां अलीगढ़




