आलू पराठों के लिए दुनियाभर में मशहूर हुआ मुरथल का अमरीक सुखदेव ढाबा,

मुरथल,(हरियाणा)। हरियाणा का मुरथल यहां के ढाबों के लिए काफी प्रसिद्ध है। अक्सर दिल्ली से हरियाणा जाने वाले लोग मुरथल में रुककर सुबह का नाश्ता जरूर करते हैं। इन्हीं में से एक है अमरीक सुखदेव ढाबा जो दुनियाभर के टॉप 150 लीजेंडरी रेस्टॉरेंट में शुमार हो गया है। यहां कुल्हड़ वाली चाय संग कई किस्म के पराठे का स्वाद लेने दूर-दूर से लोग आते हैं। अलग-अलग किस्म के पराठों के लिए मशहूर इस ढाबे को लिस्ट में 23 वां स्थान मिला है।
ट्रैवल ऑनलाइन गाइड टेस्ट एटलस ने दुनियाभर के 150 फेमस रेस्टोरेंट की लिस्ट जारी की है जिसमें अमरीक सुखदेव ढाबे को 23 वां स्थान मिला है। इसमें यहां के आलू पराठे को बेस्ट करार दिया गया है। इस ढाबे को लेकर टेस्ट एटलस का कहना है कि सड़क के किनारे एक छोटे से फूड स्टॉल के रूप में शुरुआत के बाद से ‘अमरीक सुखदेव ढाबा’ दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर स्थित है। इस ढाबे की लोकप्रियता का श्रेय यहां आलू पराठा को जाता है। मसालेदार आलू की स्टफिंग के साथ पराठा तैयार किया जाता है जो अपने देसी स्वाद के लिए जाना जाता है।
1965 से चाय के साथ शुरुआत
1965 में सरदार प्रकाश सिंह ने छोटी सी चाय की दुकान शुरू की थी। जहां दिल्ली- हरियाणा के ट्रक ड्राइवर चाय और मट्ठे का नाश्ता करते थे। धीरे-धीरे चाय और मट्ठे के साथ चावल और सब्जी परोसी जाने लगी। ढाबे के मशहूर होते ही यहां के मेन्यू में भी बदलाव हुआ और छोटे भटूरे के साथ डोसा और कई किस्म के पराठे दिए जाने लगे।
यहां के पराठों की खासियत
यहां के पराठों की खासियत यह है कि इसे खूब सारे सफेद मक्खन, दही और अचार के साथ परोसा जाता है। इसके अलावा यहां कुल्हड़ वाली चाय भी काफी मशहूर है जिसमें चाय के ऊपर केसर के रेशे भी डाले जाते हैें। इस ढाबे के नाम प्रकाश सिंह के दोनों बेटों अमरीक और सुखदेव के नाम पर है।
लिस्ट में और भी कई रेस्टोरेंट
लिस्ट में केरल के कोझिकोड के पैरागॉन रेस्टॉरेंट को भी शामिल किया गया है। यहां की बिरयानी को लिस्ट में 11 वां स्थान मिला है। इसके अलावा यूपी के लखनऊ स्थित टुंडे कबाबी को 12 वां स्थान मिला है। यहां के गलावटी कबाब सबसे मशहूर हैं। इसके अलावा कोलकाता के पीटर कैट रेस्टोरेंट को चालो कबाब के लिए लिस्ट में 17 वां स्थान मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button