श्रमजीवी पत्रकार परिषद के विदाई समारोह में छलके पंचोली के जज्बात, नए कलेक्टर रत्नाकर झा का आत्मीय स्वागत

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। जिले में प्रशासनिक नेतृत्व परिवर्तन के बीच शनिवार, 1 अगस्त को राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद द्वारा आयोजित विदाई एवं स्वागत समारोह प्रशासन, पत्रकारिता और जनसरोकारों के समन्वय का प्रभावशाली मंच बन गया। शहर के होटल सूर्या सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा का गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी और जिले भर से आए पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पत्रकार बाबूलाल पाठक के स्वस्तिवाचन से हुआ, वहीं संकल्प पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर पत्रकार महेश मिश्रा ने स्वलिखित स्वागत एवं विदाई गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावपूर्ण बना दिया।
नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने अपने प्रथम सार्वजनिक संबोधन में कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच सबसे मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज को शासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रशासन को जमीनी हकीकत से अवगत कराती है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की बात कही तथा आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को निरंतर उठाने का आह्वान किया।
विदाई समारोह में भावुक हुए स्थानांतरित कलेक्टर हर्षल पंचोली ने अपने संबोधन में कहा कि अनूपपुर में बिताया गया कार्यकाल उनके प्रशासनिक जीवन की सबसे यादगार और संतोषजनक यात्रा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों ने केवल समाचार प्रकाशन तक अपनी भूमिका सीमित नहीं रखी, बल्कि जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाकर प्रशासन को सजग करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है और प्रशासन को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने हर्षल पंचोली की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि पंचोली ने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हर वर्ग की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया, जो प्रशासनिक सेवा के लिए एक आदर्श उदाहरण है।
राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। जब दोनों अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं, तब विकास कार्यों में पारदर्शिता आती है और जनता का विश्वास मजबूत होता है। जिला संगठन मंत्री संतोष मिश्रा ने पंचोली के कार्यकाल को विकास और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। वहीं संभागीय उपाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा ने प्रशासन और पत्रकारिता के बीच स्वस्थ संवाद को लोकतंत्र की असली शक्ति बताया और नवागत कलेक्टर के साथ सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के अंत में पत्रकार अमीन वारसी ने गीत के माध्यम से आभार प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान परिषद की ओर से हर्षल पंचोली को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा तथा पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने जिले में सुशासन, विकास और जनहित के कार्यों को नई गति देने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी राजेश शुक्ला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कैलाश पांडे, महासचिव अरुण ओटवानी, संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा, संरक्षक मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न ब्लॉकों से आए पत्रकार, पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।




