दबंगों ने किया पादरी को जबरन ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाने पर मजबूर, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में एक पादरी ने कुछ अज्ञात लोगों पर मारपीट, जबरन धर्मांतरण कराने और ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने का आरोप लगाया था। इस घटना के कुछ दिन बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना 25 फरवरी को दक्षिण दिल्ली के फतेहपुरी बेरी इलाके में हुई थी, लेकिन पादरी केलोम टेट ने दो दिन बाद मैदान गढ़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना के कथित वीडियो में अज्ञात लोगों का एक गुट पादरी को घेरकर उसकी पिटाई करते दिख रहा है।पिछले 18 साल से दक्षिण दिल्ली के असोला इलाके में रह रहे पादरी केलोम टेट ने बताया कि 15 साल पहले भी उन्हें एक समूह ने संजय कॉलोनी इलाके में निशाना बनाया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) हर्षवर्धन ने कहा, ‘शिकायत के आधार पर हमने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 365 (गुप्त रूप से और गलत तरीके से व्यक्ति को बंधक बनाने के इरादे से अपहरण करना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के लिए सजा), 341 (गलत प्रतिरोध के लिए सजा) और 34 (सामान्य मंशा की पूर्ति के लिए कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कार्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।’पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पादरी टेट ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 25 फरवरी को जब वह अपने एक दोस्त से मिलने के बाद काम पर जा रहे थे, तब कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें परेशान किया और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने के लिए मजबूर किया। अधिकारियों के मुताबिक, टेट ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, उनकी बाइबिल छीनकर उसे फाड़ने की कोशिश की और उनके हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी।