गाजियाबाद के मोदीनगर में बुलडोजर एक्शन, कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त

गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित बेगमाबाद गांव में प्रशासन ने मस्जिद के पास कब्रिस्तान की जमीन पर बने अवैध निर्माण को मंगलवार देर रात ध्वस्त कर दिया। हिंदू संगठन एक साल से इसकी मांग कर रहे थे। जांच में जमीन कब्रिस्तान की साबित हुई।
मोदीनगर/गाजियाबाद। गाजियाबाद के मोदीनगर के गांव बेगमाबाद में मस्जिद के पास कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण प्रशासन ने मंगलवार देर रात ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। हिंदू संगठन के पदाधिकारी एक साल से इसकी मांग पर अड़े थे। पदाधिकारी पंकज कंसल ने आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी। हंगामे की स्थिति को देखते हुए बुधवार को पूरे दिन मस्जिद के आसपास भारी पुलिस तैनात रहा। ध्वस्तीकरण कार्रवाई का कोई विरोध नहीं हुआ।
गांव बेगमाबाद में बड़ी मस्जिद है। इसके पास ही कुछ लोगों के द्वारा दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। उनका दावा था कि यह जमीन उनकी है। लेकिन हिंदू संगठन के पदाधिकारी इस जमीन को सरकारी बता रहे थे।
इसको लेकर एक साल पहले हिंदू पदाधिकारियों की तरफ से तहसील में शिकायत की गई। जिसपर एसडीएम मोदीनगर ने जांच कमेटी गठित की। जमीन की पैमाइश कराई गई। राजस्व दस्तावेज खंगाले गए। जिसमें पुष्ट हुआ कि यह कब्रिस्तान की जमीन है।
इस पर मंगलवार देर रात एसडीएम मोदीनगर, एसीपी मोदीनगर भारी पुलिस बल के साथ बेगमाबाद पहुंचे और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। रात में कार्रवाई इसलिए की गई, जिससे कोई विरोध प्रदर्शन ना हो।
सुबह पूरे मोदीनगर में मस्जिद के पास ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की सूचना फैल गई। ऐसे में माहौल खराब ना हो, इसलिए पीएसी के अलावा आसपास के थानों से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे।
एसएचओ मोदीनगर पूरे दिन वहीं पर डटे रहे। एसडीएम मोदीनगर अजित कुमार सिंह ने बताया कि यह जमीन कब्रिस्तान की है। अवैध तरीके से जमीन पर निर्माण कराया गया था। निर्माण को ध्वस्त कराया गया है।




