सांप के जहर का नशा, बिग बॉस विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज, 5 गिरफ्तार

नोएडा। रियलिटी शो बिग बॉस से चर्चा में आए यूट्यूबर एल्विश यादव पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। नोएडा में सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ जहरीले सांपों की तस्करी और गैरकानूनी रेव पार्टियां करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुआ है। यह मुकदमा बीजेपी सांसद मेनका गांधी की संस्था पीपल फॉर एनिमल में काम करने वाले गौरव गुप्ता ने कराया है। आरोप है कि एल्विश यादव नोएडा और एनसीआर के फार्म हाउसों में जिंदा सांपों के साथ वीडियो शूट कराते हैं। साथ ही रेव पार्टी में सांप के जहर का भी यूज होता है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को अरेस्ट किया है। इनके कब्जे से 9 जहरीले सांप और 20 मिलीमीटर जहर बरामद हुआ है। इनमें पांच कोबरा, एक अजगर, दो दोमुंहे सांप और एक रेट स्नेक है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एल्विश यादव समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिन पांच लोगों को पकड़ा गया है उनकी पहचान राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ के रूप में हुई है। एनजीओ पीपल फॉर एनिमल में वेलफेयर ऑफिसर के रूप में कार्यरत गौरव गुप्ता की तहरीर में लिखा है कि उन्हें सूचना मिली थी कि एल्विश यादव अपने साथियों के साथ नोएडा और एनसीआर के फॉम हाउसों पर गैरकानूनी तरीके से रेव पार्टी का आयोजन करते हैं। इन पार्टियों में बाकायदा विदेशी लड़कियां को बुलाकर स्नेक वैनम (सांप का जहर) और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। इस सूचना पर हमारे एक मुखबिर ने एल्विश यादव से संपर्क किया और उनसे नोएडा में रेव पार्टी करने और कोबरा वैनम का प्रबंध करने को कहा। एल्विश ने मुखबिर को अपने एजेंट राहुल का फोन नंबर दिया और कहा कि मेरा नाम लेकर बात कर लो, ये सारी व्यवस्था करा देंगे।
यूट्यूब पर कॉमेडी वीडियो अपलोड करके चर्चा में आया एल्विश यादव मूल रुप से हरियाणा प्रदेश के गुरुग्राम जिले के वजीराबाद गांव का रहने वाला है। हाल ही में ओटीटी प्लेटफार्म पर प्रसारित हुए बिग बॉस में एल्विश यादव को विजेता घोषित किया गया था। एल्विश यादव युवा वर्ग में इतना लोकप्रिय है कि बिग बॉस में वोटिंग के समय उसे मात्र 15 मिनट में 280 मिलियन वोट मिल गए थे। इन्हीं वोटों के आधार पर एल्विश यादव बिग बॉस के ओटीटी 2 सीजन का विजेता बना था। कॉमेडी के वीडियो बनाने वाले एल्विश यादव के यूट्यूब चैनल पर 15 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। इतनी प्रसिद्धि मिलने के बाद अब एल्विश यादव की पोल एक खतरनाक गैंगस्टर के रुप में खुली है।




