पाकिस्तानी युवक ने 18 साल बाद कराई मां की दूसरी शादी

वीडियो शेयर कर बताई वजह, जानकर हर कोई कर रहा तारीफ

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान में अक्सर महिलाओं को लेकर नकारात्मक खबरें आती रहती हैं, लेकिन उसी देश में एक युवक ने ऐसा काम किया है, जिसकी कहानी दिल को छू लेने वाली है। पाकिस्तान के अब्दुल फहद ने अपनी मां की शादी कराकर उन्हें अपनी जिंदगी का एक नया चैप्टर शुरू करने में मदद की है। इस युवक की कहानी पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर छाई है और हर कोई उसके कदम की तारीफ कर रहा है। अब्दुल फहद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें अपनी मां के साथ दिल छू लेने वाले पलों को दर्ज किया है।
अब्दुल ने वीडियो में मां की शादी के बारे में जानकारी देते हुए बताया, ;पिछले 18 साल से मैंने अपनी क्षमता के अनुसार उन्हें (मां) एक खास जिंदगी देने की पूरी कोशिश की, क्योंकि उन्होंने हमारे लिए अपना पूरा जीवन बलिदान कर दिया। लेकिन आखिरकार वह अपनी सुकून भरी जिंदगी की हकदार थीं। इसलिए एक बेटे के तौर पर मुझे लगता है कि मैंने सही काम किया।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने 18 साल बाद प्यार और जिंदगी का दूसरा मौका लेने में अपनी मां का साथ दिया।’ वीडियो में अब्दुल ने अपनी मां के साथ खूबसूरत पलों को साझा किया है और इसका अंत मां के निकाह के साथ होता है। इसमें परिवार और दोस्त शामिल दिखाई देते हैं।
अब्दुल ने एक दूसरी पोस्ट में शादी समारोह की एक तस्वीर के साथ दिल को छू लेने वाला संदेश शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘संकोचवश मुझे अपनी मां की शादी की खबर साझा करने में कई दिन लग गए, लेकिन आप सभी ने जो प्यार और समर्थन दिखाया, वह अभिभूत करने वाला है। मैंने अम्मा को बताया कि किस तरह आप लोगों ने हमारे फैसले की सराहना की और उसका सम्मान किया। हम दोनों आभारी हैं। हो सकता है कि मैं हर मैसेज, कमेंट और स्टोरी का जवाब न दे पाऊं, लेकिन यह जान लें कि हर एक हमारे लिए बहुत मायने रखता है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button