पाकिस्तान के स्लीपर सेल रडार पर, यूट्यूब चैनलों पर नजर, ज्योति मल्होत्रा केस के बाद गरमाया मामला
Pakistan's sleeper cells on radar, YouTube channels under surveillance, issue heats up after Jyoti Malhotra case

चंडीगढ़/एजेंसी। भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही युद्ध विराम के हालात हैं, लेकिन हरियाणा सरकार अलर्ट मोड पर बनी हुई है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के इनपुट को पूरी गंभीरता से लेने के आदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि संदिग्धों पर पैनी नजर रखें। इंटरनेट मीडिया मुख्य रूप से यूट्यूब चैनलों पर आपत्तिजनक सामग्री डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए। उन्होंने कहा कि यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित आपत्तिजनक सामग्री की जांच की जाए और संदिग्ध सामग्री पर आवश्यक कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कानून एवं व्यवस्था के मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक में पाकिस्तान के स्लीपर सेल पर विशेष नजर रखने को कहा है। पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने ऐसे संदिग्ध लोगों को पकड़ा है, जिन पर पाकिस्तान की एजेंसियों को जानकारी भेजने के आरोप हैं। हिसार की ज्योति मल्होत्रा प्रकरण भी इन दिनों गरमाया हुआ है। इसी वजह से मुख्यमंत्री ने यूट्यूबर्स पर विशेष नजर रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपना स्टेशन छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। मंगलवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभाग प्रमुखों, बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों, जिला उपायुक्तों व एसडीएम को लिखित में आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि उन्हें स्टेशन नहीं छोड़ना है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस और सिविल प्रशासन को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर एक टीम के रूप में कार्य करें ताकि अपराध और अपराधियों का प्रभावी तरीके से खात्मा किया जा सके। सरकार का लक्ष्य हरियाणा को एक ‘शून्य अपराध राज्य’ बनाना है।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ओपी सिंह, सीआइडी चीफ सौरभ सिंह शामिल हुए।




