हरिद्वार की जेल में चल रहा था रामलीला का मंचन, वानर बने दो खूंखार कैदी सीढ़ी लगाकर हो गए फरार
Ramlila was being staged in Haridwar jail, two dreaded prisoners dressed as monkeys escaped using a ladder

हरिद्वार/उत्तराखंड। हरिद्वार से ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पुलिस और प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया है। हर साल की तरह इस बार भी रोशनाबाद जेल में रामलीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को वानर का किरदार निभा रहे दो कैदी मौका देखकर फरार हो गए। रामलीला और जेल में हो रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाकर दोनों भाग निकले।यह घटना बीती रात की है। रामलीला मंचन के दौरान हरिद्वार जेल से दो खूंखार कैदी फरार हो गए। मंचन के दौरान इधर माता सीता की खोज हो रही थी, उधर दो वानर रूपी कैदी दीवार फांद कर भाग निकले। सभी लोग रामलीला मंचन के दृश्यों में सराबोर थे और किसी को भी घटना का पता नहीं लग सका।
जेल से फरार हुए आरोपियों की पहचान रुड़की निवासी पंकज और यूपी के गोंडा निवासी राजकुमार के तौर पर की गई है। ये दोनों सीढ़ी लगाकर दीवार लांघ गए। फरार हुए दोनों कैदी जघन्य अपराधों के दोषी है। घटना के बाद हड़कंप मच गया। आरोपियों की तलाश जारी है। पंकज हत्या के मामले में आजीवन कारावास काट रहा था। वहीं राजकुमार अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी है। कैदियों की फरारी के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर पुलिस अधिकारियों का कहना कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।




