पुलिस ने घेरा तो इंस्टाग्राम पर लाइव हुआ रंगीला क्रिमिनल शूटर एके-47

छत से कूदने की दी धमकी, छुड़ाया क्राइम ब्रांच का पसीना

अहमदाबाद/एजेंसी। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को शोले फिल्म वाला सीन सामने आया। अहमदाबाद शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच जब ओढव इलाके में अभिषेक तोमर नामक कुख्यात अपराधी को पकड़ने के लिए पहुंची तो वह बहुमंजिला बिल्डिंग के के पिछले हिस्से में जाकर कूदने की धमकी देने लगा। चारों तरफ से पुलिस के घेर लेने के बाद उसने क्राइम ब्रांच को गिरफ्तारी से पहले खूब छकाया। क्राइम ब्रांच की टीम कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ सकी। क्राइम ब्रांच को रंगीले क्रिमिनल एके-47 तक पहुचंने के लिए दमकल की गाड़ी की मदद के साथ उसकी सुरक्षा के उपाय भी सुनिश्चित करने पड़े।
गुजरात के अहमदाबाद में सिटी क्राइम ब्रांच की टीम जब एक क्रिमिनल को पकड़ने पहुंची तो वह फिल्म शोले की स्टाइल में कूदने की धमकी देने लगा। क्राइम ब्रांच को अभिषेक उर्फ शूटर एके-47 को पकड़ने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार अभिषेक तोमर नामक आरोपी को जब पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची तो गिरफ्तारी से बचने के लिए शिवम आवास योजना के एक फ्लैट की बालकनी पर चढ़ गया। इसके बाद पुलिस को धमकी देने लगा कि कि अगर गिरफ्तार करने के लिए करीब आए तो मैं कूद कर जान दे दूंगा। इसके बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने दमकल की गाड़ी के साथ कई टीमों को मौके पर बुलाया। नीचे कूदने की स्थिति में नेट की व्यवस्था भी की गई। अहमदाबाद पुलिस समेत फायर विभाग की टीम द्वारा आरोपी को नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। नाटकीय घटनाक्रम के बाद पुलिस ने आखिर में उसे अरेस्ट किया। गुजरात के अहमदाबाद में इस मामले की खूब चर्चा हो रही है।
अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इनमें वह लंबे समय से वांटेड था। ओढव इलाके से अभिषेक उर्फ शूटर को नाटकीय घटनाक्रम के बाद पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना में पता चला था कि आरोपी शिवम आवास बिल्डिंग एक्स भावंग फ्लैट्स, फ्लैट नंबर 505, ओढव में मौजूद है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की एक टीम उसे पकड़ने गई। आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। पुलिस के चेतावनी देने के बाद उसने दरवाजा नहीं खोला। वह फ्लैट की रसोई की बालकनी से बाहर निकल आया।
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि जब टीम ने जबरदस्ती दरवाजा तोड़कर फ्लैट में प्रवेश किया, तो उन्हें आरोपी रसोई के पास मिला। टीम को देखते ही वह छत के किनारे चला गया। इसके बाद मोबाइल से सोशल मीडिया पर वीडियो लाइवस्ट्रीम करना शुरू कर दिया, और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। क्राइम ब्रांच ने तुरंत फायर ब्रिगेड और कंट्रोल रूम को सूचित किया और आवश्यक कार्रवाई की। आखिरकार आरोपी को उचित बल प्रयोग करके हिरासत में ले लिया गया।
क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आए अभिषेक तोमर उर्फ शूटर ने इंस्टाग्राम पर अपनी प्राेफाइल बना रखी है। शूटर एके-47 के नाम से अकाउंट बना रखा है। उसने अपनी बाॅयो में लिखा हुआ है कि जो शहर में अपने आप को कुछ मानते होंगे, वो हमें जरूर जानते होंगे। अभिषेक तोमर ने काफी धार्मिक पोस्ट भी की हैं। इनमें लिखा है कि मेरा कोई क्या बिगाड़ेगा, जब दुनिया चलाने वाला ही मेरे साथ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button