गाजियाबाद में अधिवक्ता व मीडियाकर्मी पर फायरिंग करने वाले पिस्टल सहित गिरफ्तार

गाजियाबाद ब्यूरो। मोदीनगर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता और मीडियाकर्मी पर फायरिंग करने वाले हमलावरों को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली। आरोपियों ने सोमवार सुबह चार बजे जबरन ठेका खुलवाकर शराब खरीदी थी। आरोपियों ने वहां लघुशंका को रूके अधिवक्ता अंकुश राणा और मीडियाकर्मी पंकज शर्मा की कार का पांच सौ मीटर तक पीछा कर उन पर पिस्टल से फायरिंग की थी। दोनों दोस्त मेरठ निवासी किसी परिचित की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रहे थे।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र निवासी मीडियाकर्मी पंकज शर्मा ने सोमवार को उन पर व उनके अधिवक्ता दोस्त अंकुश राणा को निशाना बनाकर अज्ञात कार सवारों द्वारा फायरिंग कराने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की तीन टीमें घटना के खुलासे में लगी थी। खुलासे में लगी टीमों ने शराब के ठेके और दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें कार का नंबर मिल गया। इसके बाद पुलिस आरोपियों की घेराबंदी में लग गई। इसी बीच मंगलवार सुबह काजमपुर रेलवे फाटक के समीप उक्त नंबर की कार देखकर पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो कार सवारों ने गाड़ी दौड़ी दी। पुलिस ने कुछ दूर पीछा कर कार सवार युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के नाम हरेंद्र चौधरी उर्फ गुड्डू पुत्र प्रदीप चौधरी निवासी गांव काजमपुर व आर्यन कुशवाह पुत्र संजीव कुशवाह निवासी तेलमिल गेट मोदीनगर बताया। पुलिस ने हरेंद्र के कब्जे से अवैध पिस्टल व कारतूस बरामद किया। पूछताछ में हरेंद्र और आर्यन ने बताया कि सुबह चार बजे जबरन ठेका खुलवाकर शराब खरीदने का वीडियो बनाने के शक में उन्होनेे फायरिंग की थी। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस अभी अवैध पिस्टल सप्लाई करने वाले का पता नहीं लगा सकी है।




