बिहार के खेल मंत्री ने बिना हेलमेट चलाई बुलेट, भोजपुरी गीत पर रील बना की पोस्ट

बेगूसराय/बिहार। बिहार सरकार के खेल मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र मेहता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने अपने ही फेसबुक अकाउंट पर बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए एक वीडियो डाला है। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। घटना 6 सितंबर शनिवार की है। सुरेंद्र मेहता ने अपने फेसबुक आईडी से 37 सेकंड का रील वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वे बुलेट चलाते नजर आ रहे हैं। उनके पीछे एक समर्थक भी बुलेट पर बैठा है, जबकि दर्जनों बाइक सवार उनके पीछे-पीछे चल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस जुलूस में शामिल किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
खेल मंत्री और भाजपा विधायक सुरेंद्र मेहता ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें भोजपुरी गाना ‘तो दबंगों के दबंग जीत लैला हर जंग, सारी दुनिया में बा तोहरे बोल वाला हो, जिया जिया हो बिहार के लाला..’ बैकग्राउंड में बज रहा है। पोस्ट में मंत्री ने लिखा, ‘गांव से लेकर शहर तक बिहार अब बदलाव की रफ्तार पकड़ चुका है।’ साथ ही वीडियो में एक तरफ बिहार सरकार का लोगो और दूसरी तरफ भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल भी लगाया गया है।
इस वीडियो पर लोगों ने तरह-तरह के कमेंट किए। कई यूजर्स ने लिखा कि मंत्री हैं, इसलिए उन पर कानून लागू नहीं होता, वरना आम लोगों का तो चालान काट दिया जाता। एक यूजर ने लिखा, ‘सत्ता की हनक में मंत्री नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। क्या इनका चालान कटेगा?’ दूसरी ओर कुछ लोगों ने उनके समर्थन में भी प्रतिक्रिया दी। यह पहली बार नहीं है जब सुरेंद्र मेहता चर्चा में आए हों। इससे पहले भी वे भीषण गर्मी में कंबल बांटने की वजह से सुर्खियों में रहे थे। अब बिना हेलमेट बाइक चलाने का यह वीडियो एक बार फिर से उन्हें सवालों के घेरे में खड़ा कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button