जंग से दूर उत्तराखंड पहुंचे 120 इजरायली, पूजा-अर्चना कर मनाया पासओवर पर्व

अल्मोड़ा/उत्तराखंड। सांस्कृतिक नगरी के प्रमुख पर्यटन क्षेत्र कसारदेवी में इजराइल से पहुंचे यहूदी समुदाय के लोग प्रमुख धार्मिक पर्व पासओवर (पेसह) परंपरागत विधि-विधान के साथ मना रहे हैं। यह पर्व मिस्र की गुलामी से यहूदियों की मुक्ति की स्मृति में मनाया जाता है। एक सप्ताह तक यह पर्व मनाया जाएगा।
बुधवार को इजराइल के नागरिकों ने कसारदेवी के स्थानीय रिजार्ट में पेसह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। पर्व की शुरुआत सेडर नामक विशेष अनुष्ठानिक भोजन से होती है, जिसमें परिवार एक साथ बैठकर हग्गादा ग्रंथ के माध्यम से मुक्ति की कथा का वाचन करता है। सेडर प्लेट में रखे गए विभिन्न खाद्य पदार्थ गुलामी और स्वतंत्रता के प्रतीक माने जाते हैं।
इस दौरान चार प्याले अंगूर रस या मदिरा पीने की परंपरा भी निभाई जाती है। सात से आठ दिन तक चलने वाले इस पर्व में अनुयायी केवल ‘कोशर फॉर पासओवर’ यानि बिना खमीर की रोटी भोजन ग्रहण करते हैं और नियमित प्रार्थनाएं करते हैं।
पर्व का समापन विशेष प्रार्थनाओं और सामूहिक भोजन के साथ होता है। यह पर्व आज भी यहूदी समुदाय को उनके इतिहास, आस्था और स्वतंत्रता के महत्व की याद दिलाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button