पगड़ी ने बढ़ाया हरियाणा का मान, जी20 डेलिगेट्स को खूब भाया हरियाणवी कल्चर

नेशनल डेस्क। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग नई दिल्ली के संयुक्त निदेशक आरएस सांगवान ने विदेशी डेलीगेट को हरि के प्रदेश हरियाणा में पगड़ी के इतिहास व परंपरा के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने पगड़ी के अलग-अलग रंगों तथा बांधने के ढंग व सार्वजनिक जीवन में पगड़ी के महत्व के बारे में बताया। नूंह जिला के तावडू उपमंडल में स्थित आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में चल रही जी-20 शिखर सम्मेलन की चौथी शेरपा बैठक में हरियाणा सरकार ने प्रदेश की ब्रांडिंग के लिए भी अलग-अलग इंतजाम किए हैं। हरियाणा के खान-पान, रीति रिवाज तथा अपनी कला संस्कृति के साथ-साथ हरियाणवी पहनावे ने भी विदेशी डेलीगेट्स पर छाप छोड़ी है।
बैठक में पहुंचे विभिन्न देशों के शेरपाओं ने हरियाणवी की शान पगड़ी बंधवा कर अपने आप को गौरवान्वित महसूस किया। विदेशी मेहमानों को पगड़ी बांधने के लिए भी खास इंतजाम किए गए थे। मेहमानों ने पुरानी परंपरा व संस्कृति को संरक्षित रखने के इन प्रयासों की मुक्त कंठ से हरियाणा सरकार की प्रशंसा की।
अलग-अलग पहनावे में पहुंच रहे हर विदेशी मेहमान के सिर पर पगड़ी खूब सज रही थी। हरियाणा प्रदेश की संस्कृति व परंपरा में पगड़ी का ऊंचा स्थान होता है।हरियाणा में जब भी पारंपरिक अंदाज में किसी को सम्मान देना होता है तो उसे पगड़ी पहनाई जाती है। पगड़ी को सम्मान की सूचक माना जाता है।




