आजमगढ़ सीट पर धर्मेंद्र यादव की 1.61 लाख वोटों से जीत, हारे निरहुआ

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। तमसा नदी के किनारे बसे आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र का चुनावी गणित अपने पक्ष में करने की कोशिश खूब की गई। चुनाव परिणाम पर हर किसी की नजर टिकी हुई थी। लोकसभा चुनाव 2019 में इस सीट से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जीत दर्ज की। उप चुनाव में हार के बाद आजमगढ़ में भाजपा को बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि, वोटों की गिनती के साथ ही आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव ने विजयी बढ़त बना ली। आखिरकार धर्मेंद्र यादव ने 1,61,035 वोटों के अंतर से आजमगढ़ लोकसभा सीट को अपने नाम किया। धर्मेंद्र यादव को कुल 5,08,239 वोट मिले। वहीं, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को 3,47,204 वोट मिले। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के मशहूद सबीहा अंसारी 1,79,839 वोट हासिल करने में कामयाब रहे। उन्होंने यह वोट हासिल कर क्षेत्र में बसपा की मजबूत पकड़ का प्रमाण पेश किया।
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर जातीय समीकरण के सहारे ही राजनीति सधती रही है। करीब 18.60 लाख वोटर्स वाली इस लोकसभा सीट पर मुस्लिम और यादव वोट बैंक की आबादी 6 लाख से ऊपर है। वहीं, करीब 3 लाख दलित बिरादरी के वोटर भी इस क्षेत्र में निवास करते हैं। सामाजिक गणित का असर चुनावी नतीजों पर भी साफ दिखता है। 1962 में एकल प्रतिनिधि वाली सीट के रूप में अस्तित्व में आने के बाद से हुए 18 चुनावों में 17 बार यहां से यादव और मुस्लिम उम्मीदवार ही चुनकर संसद तक पहुंचे हैं। इसमें भी 14 बार यादवों ने इस सीट पर जीत का परचम लहराया है। इस बार भी मुख्य मुकाबला दो यादव उम्मीदवारों के बीच ही है। आजमगढ़ को मुलायम और अखिलेश के गढ़ के रूप में देखा जाता रहा है। हालांकि, मुलायम और अखिलेश के यहां से उम्मीदवार न होने की स्थिति में लोग अपना मन भी बदलते रहे हैं।
आजमगढ़ उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव 2024- देखें सीट से कौन जीता कौन हारा
| पार्टी | कैंडिडेट | कुल वोट | जीत का मार्जिन |
| सपा | धर्मेंद्र यादव | 5,08,239 | 1,61,035 |
| बीजेपी | दिनेश लाल यादव निरहुआ | 3,47,204 | |
| बसपा | मशहूद सबीहा अंसारी | 1,79,839 | |
| जन राज्य पार्टी | पारस यादव | 2491 | |
| मूलनवासी समाज पार्टी | महेंद्र नाथ यादव | 1905 | |
| मौलिक अधिकार पार्टी | रविंद्र नाथ शर्मा | 3042 | |
| निर्दलीय | पंकज कुमार यादव | 1599 | |
| निर्दलीय | विजय कुमार | 1735 | |
| निर्दलीय | शशिधर | 2232 | |
| नोटा | इनमें से कोई नहीं | 6234 |




