ग्वालियर में बदहाल सड़क को लेकर धरने पर बैठीं भाजपा पार्षद

निर्माण न होने पर जताई नाराजगी, 10 दिन का अल्टीमेटम

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। शहर की जर्जर सड़कों और प्रशासनिक सुस्ती के खिलाफ अब जनप्रतिनिधि ही सड़क पर उतरने लगे हैं। वार्ड-58 की भाजपा पार्षद अपर्णा पाटिल ने बसंत विहार से चेतकपुरी तक सड़क निर्माण न होने पर अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए बदहाल सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। तपती धूप में सड़क के गड्ढे में बैठी पार्षद के साथ स्थानीय लोग भी विरोध में शामिल हो गए, जिससे मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
पार्षद अपर्णा पाटिल ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही और राजनीतिक भेदभाव करार दिया। पाटिल ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस की सरकार भाजपा पार्षदों के वार्डों में जानबूझकर विकास कार्य रोक रही है। उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन साल से इस सड़क के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।
पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे ऐसा कदम उठाएंगी, जो नगर निगम के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ होगा। हालांकि उन्होंने अपने अगले कदम का खुलासा नहीं किया। धरने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अपर आयुक्त मौके पर पहुंचे और पार्षद से चर्चा की। इसके बाद शाम तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button