15 डॉक्टरों के नाम से रजिस्टर्ड हैं 449 हॉस्पिटल, आगरा में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा

आगरा,( उत्तर प्रदेश)। आगरा जिले में अस्पतालों के पंजीकरण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक डॉक्टर के नाम से कई अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में ऐसे ही 15 डॉक्टर चिह्नित किए हैं, जिनके नाम से आगरा और आसपास के जिलों में 449 अस्पताल और पैथॉलजी लैब रजिस्टर्ड मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी जांच शुरू कर दी है।
कई जिलों में हैं ये संस्थान
जानकारी के अनुसार आगरा में पंजीकृत 1269 चिकित्सकीय संस्थानों का साल 2023-24 के लिए ऑनलाइन लाइसेंस नवीनीकरण किया जा रहा है। इस दौरान जानकारी मिली कि 15 डॉक्टरों के नाम से 449 अस्पताल और पैथोलॉजी रजिस्ट्रेशन किए गए हैं। यह सभी संस्थान आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, इटावा, मैनपुरी, मेरठ और कानपुर समेत कई जिलों में है। इनमें यह डॉक्टर पूर्णकालिक सेवाएं देना दर्शा रहे हैं जबकि स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार एक डॉक्टर एक ही अस्पताल में पूर्णकालिक सेवाएं दे सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में डॉ़ मनीष कुमार वार्ष्णेय के नाम से 65 अस्पताल पंजीकृत मिले हैं। आगरा में इस नाम से 7 अस्पताल चल रहे हैं। ऐसे ही डॉ. राकेश कुमार के नाम से 52 अस्पताल पंजीकृत मिले हैं। इनमें से पांच आगरा में हैं। डॉक्टर अशोक कुमार के नाम से ऐसे 37 अस्पताल हैं, इनमें आगरा में छह अस्पताल हैं।
नियमत: एक डॉक्टर दे सकता है एक अस्पताल में सेवा
सीएमओ डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया है कि सत्यापन में 15 डॉक्टरों के नाम से कई जिलों में 449 अस्पताल पंजीकृत मिले हैं। इनमें कई की एनएमसी पंजीकरण संख्या भी समान है। नियमानुसार एक डॉक्टर एक ही अस्पताल में सेवा दे सकता है। रेकॉर्ड तलब किया गया है और यह सूची शासन को भेजी जाएगी।
आईएमए अध्यक्ष डॉक्टर ओपी यादव ने बताया है कि सीएमओ ने जानकारी दी है कि एक डॉक्टर के नाम से कई अस्पताल पंजीकृत हैं। इलाज के नाम पर व्यवसाय करने और लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के खिलाफ सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button