वनवासियों के लिए विश्व हिंदू परिषद ने शुरू किया हित चिंतक अभियान

अयोध्या,(उत्तर प्रदेश)। विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक अभियान का रविवार को रिकाबगंज हनुमानगढ़ी पर हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना करके शुरू किया गया। विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभय कुमार सिंह को अपने हस्ताक्षर से रसीद देकर जिले की प्रथम सदस्यता ग्रहण करवाई। उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए राय ने कहा कि दूर दराज के वनवासी क्षेत्रों में जहां पर मूलभूत सुविधाएं ही नहीं है, वहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सेवा और स्वावलंबन का केंद्र खड़े करना विश्व हिंदू परिषद का लक्ष्य है। वास्तव में गरीबों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं यह विहिप की मंशा है।
उन्होंने बताया कि हिंदू समाज के रक्षार्थ और हिंदू समाज को जागृत करने का कार्य विश्व हिंदू परिषद साल 1964 से कर रहा है। विश्व हिंदू परिषद के इन्हीं कार्यों को समाज को बताने-समझाने के लिए हित चिंतक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को विश्व हिंदू परिषद से जोड़ना ही हमारा हित चिंतक अभियान है। साल 2022 का हित चिंतक अभियान रविवार 6 नवंबर से प्रारंभ हो रहा है। हित चिंतक अभियान 20 नवंबर तक सारे देश में चलेगा। यह अभियान अंडमान निकोबार, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी प्रारंभ हो रहा है जो 15 दिन तक चलेगा।

चंपत राय ने कहा कि प्राचीन काल में भारत की सीमाएं दूर-दूर तक थीं। आज हमारा देश सिकुड़ गया है। हमारा समाज हमसे दूर चला गया है। हमारे देश में उपासना की स्वतंत्रता है। पवित्र भारत भूमि पर स्वामी दयानंद, गौतम बुद्ध, महावीर स्वामी आदि के अनुयाइयों की बहुत सारी विचारधाराएं हैं। इन विभिन्न विचारधाराओं और उपासना पद्धतियों को मानने के बावजूद भारत एक है। लेकिन विदेशी विचारधारा के अनुयायियों को अपने पूर्वज ही बुरे लगने लगते हैं। यही कारण है कि हमारा समाज हमसे दूर हो रहा है। विश्व हिंदू परिषद का लक्ष्य है कि हमारा कोई व्यक्ति विदेशी विचारधारा का अनुयाई न बने।

चंपत राय ने कहा कि हमारा यह भी लक्ष्य है कि विदेशी विचारधारा के व्यक्तियों को उनकी जड़ों की याद दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लोगों से 20 रुपये मांगेंगे और हित चिंतक अभियान का पत्रक देंगे। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद ने देशभर में एक करोड़ हित चिंतक बनाने का संकल्प लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button