दिल्ली पुलिस की हवलदार सुकन्या को मिला स्मार्ट पुलिसिंग का अवार्ड

नई दिल्ली संवाददाता। दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, क्राइम ब्रांच में तैनात हवलदार सुकन्या को बृहस्पतिवार को फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा “स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड-2021” से सम्मानित किया गया है। फिक्की में आयोजित सार्वजनिक समारोह में उन्हें “बाल सुरक्षा और मानव तस्करी” के संबंध में सम्मानित किया गया है।
डीसीपी विचित्र वीर सिंह के मुताबिक सुकन्या और अपराध शाखा की टीम द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों से कई नाबालिग बच्चों को बरामद कर उन्हें स्वजन को सौंपा गया। 19 राज्यों की पुलिस और कुछ पारा मिलिट्री से 192 प्रविष्टियां फिक्की को प्राप्त हुई थीं। जिनमें दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच में तैनात सुकन्या को चयनित कर उन्हें पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था।
सुकन्या को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 217 से अधिक पुरस्कार मिल चुके हैं। दिल्ली पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा 2019 में भी एक सार्वजनिक समारोह में रक्षक सम्मान -2019 प्रदान किया गया था। सुकन्या को 2021 में भी जय हिंद सम्मान-2021 प्रदान किया गया। इस साल उन्हें दिल्ली पुलिस द्वारा आश्रय कार्य पुरस्कार-2022 प्रदान किया गया था। ये सारे पुरस्कार उनके उत्कृष्ठ कार्य के लिए दिए गए हैं।




