जयपुर के 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग, बचने के लिए छत पर पहुंचे लोग, दो परिवार रेस्क्यू

फ्लैट से उठीं तेज लपटें, परिवार सुरक्षित बाहर निकला

जयपुर/एजेंसी। राजधानी के श्याम नगर इलाके में मंगलवार सुबह जनपथ पर एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में आगजनी से अफरा-तफरी मच गई। 10 मंजिला अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर स्थित फ्लैट में यह आग लगी थी। जनपथ स्थित ‘अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी’ नामक इस इमारत में करीब 200 लोग रहते हैं। आग की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेजिडेंसी गार्ड्स के सहयोग से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
सुबह करीब 6:30 बजे छठे फ्लोर पर रहने वाले कमल के फ्लैट में आग लगी। लपटें उठती देख कमल अपने परिवार के साथ तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे फ्लोर में धुएं का गुबार भर गया। स्थिति बिगड़ती देख अपार्टमेंट के अन्य निवासी भी अपने-अपने फ्लैट्स से बाहर निकल आए।
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घना धुआं पूरे अपार्टमेंट में फैल चुका था, जिससे राहत और बचाव कार्य में दिक्कत आई। रेस्क्यू टीम के कॉन्स्टेबल अंकित और मुखराम पांचवीं मंजिल तक पहुंचे। वहां लगे कांच तोड़कर धुआं बाहर निकाला गया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर लाया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि फ्लैट और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग से बचने के प्रयास में दो परिवारों के आठ सदस्य लिफ्ट से इमारत की छत पर पहुंच गए। इस दौरान आग की वजह से वॉयरिंग जलने से लिफ्ट बंद हो गई और वे नीचे नहीं उतर सके। धुआं बढ़ने के कारण वे छत पर ही फंस गए। इनमें 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड मंगवाई। हाइड्रोलिक सीढ़ी की मदद से सभी को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

जयपुर के 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग, बचने के लिए छत पर पहुंचे लोग, दो  परिवार रेस्क्यू - jaipur apartment fire elderly woman rescued from sixth  floor blaze of swarup residency -

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button