वाराणसी के आत्म विश्वेश्वर मंदिर में लगी आग, पुजारी समेत सात झुलसे

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। वाराणसी से मंदिर में आग लगने की खबर सामने आई है। वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित संकठा गली में शनिवार देर शाम आत्म विश्वेश्वर मंदिर में आरती के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जलता हुआ दीपक गिरने से रूई के शृंगार से सजे मंदिर में आग लग गई। हादसे के वक्त मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे। आग लगते ही मंदिर में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में पुजारी समेत सात श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री और डीएम अस्पताल पहुंचे।
चौक थाना स्थित आत्म विश्वेश्वर मंदिर में शनिवार देर शाम आरती के बाद आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने की घटना में घायलों की पहचान हो गई है। घायलों में बैकुंठनाथ मिश्रा, प्रिंस पांडेय, सानिध्य मिश्रा, शिवान्य मिश्रा, देव नारायण पांडेय, सत्यम पांडेय और कृष्णा शामिल हैं। सभी को पहले मंडलीय अस्पताल और फिर महमूरगंज स्थित जेएस मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आत्म विश्वेश्वर मंदिर में सावन के आखिरी दिन मंदिर में रूई से विशेष श्रृंगार किया गया था। शाम को आरती के लिए मंदिर में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, आरती के दौरान जलता हुआ दीपक गिर गया। इससे रूई के शृंगार से सजे मंदिर ने आग पकड़ी। देखते ही देखते मंदिर धधक उठा।
आग लगते ही मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में पुजारी समेत सात लोग घायल हो गए। सभी झुलसे लोगों को तत्काल एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से सभी को महमूरगंज स्थित जेएस मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह अस्पताल पहुंच गए। जिलाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। घायलों के इलाज के बारे में जानकारी ली। अस्पताल के डॉक्टरों को घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में दहशत का माहौल देखा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button