जवानों पर हमले की थी प्लानिंग, दुर्गम पहाड़ी में था नक्सलियों का सीक्रेट जखीरा, सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दी साजिश

गरियाबंद/छत्तीसगढ़। गरियाबंद जिले में सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों का समान और उनके हथियारों को बरामद किया है। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के दडईपानी गांव में नक्सलियों ने हथियार के साथ अन्य चीजें जमा करके रखी थी। सुरक्षाबल के जवानों को इसका इनपुट मिला जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षबल के जवानों को नक्सलियों के छिपाकर रखे गए विस्फोटक, मोर्टार और हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है। जिस इलाके में जवानों ने यह कार्रवाई की है वह जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर है। यह इलाका दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र माना जाता है। अभियान गरियाबंद और ओडिशा के नुआपाडा की सीमा पर चलाया गया था।
सुरक्षाबल के जवानों को सीक्रेट इनपुट मिला था। जिसके बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस ऑपरेशन में जवानों की कई टीमें शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि ई-30 टीम, एसटीएफ, 207 कोबरा बटालियन, 16वीं बटालियन सीएएफ और 65वीं बटालियन सीआरपीएफ की टीम शामिल थी।
अभियान के दौरान स्थानीय सूत्रों से सूचना मिली कि शासन द्वारा प्रतिबंधित माओवादी संगठन डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इलाके में आईईडी निर्माण सामग्री और मोर्टार डम्प कर रखे हैं। नक्सलियों की योजना सुरक्षाबलों पर विस्फोटक और मोर्टार से हमला करने की थी।
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पहाड़ी क्षेत्र की तलहटी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां चट्टानों के भीतर प्लास्टिक ड्रम और स्टील के डिब्बों में छिपाकर रखी गई यह सामग्री बरामद की गई है। जिसमें,, जवानों ने मौके से 1 नग कंपनी निर्मित मोर्टार, 22 नग मोर्टार सेल, 1 नग भरमार बंदूक, 150 नग डेटोनेटर, 18 नग तीर बम, आईईडी निर्माण से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया जा रहा है। क्षेत्र में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button