हिमाचल के ऊना में मजदूर की हत्या, बहस करने पर उद्योगपति ने मारी गोली, कार में मिला शव

ऊना/हिमाचल प्रदेश। ऊना जिले में सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में उद्योगपति ने उसकी फैक्ट्री में काम करने वाले एक कामगार की गोली मारकर हत्या कर दी है। मृतक कामगार 40 वर्षीय हरिनंदन उर्फ भूरा निवासी जिला बेतिया बिहार का बताया जा रहा है। जबकि आरोपी उद्योगपति की पहचान 48 वर्षीय संत प्रकाश पुत्र सुरेंद्र शर्मा निवासी टाहलीवाल के रूप में की गई है।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके का मुआयना किया। लेकिन वहां पर न तो कोई लाश मिली और न ही आरोपी मौके पर था। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह ही जिला पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर, डीएसपी हरोली मोहन रावत ने भी दलबल के साथ मौके का मुआयना किया। मामले की जांच में सहयोग के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
एसपी ने बताया कि उद्योग के मालिक संत प्रकाश और कामगार हरिनंदन के बीच सोम और मंगलवार की मध्य रात्रि किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई। इसी बहसबाजी में उद्योगपति ने कामगार पर गोली चला दी। जिसके चलते कामगार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल कामगार को उठाकर अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत होने के चलते उसकी लाश को ठिकाने लगाने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस ने पंजाब के नंगल के नजदीक फ्लाई ओवर के नीचे से एक गाड़ी में रखी हरिनंदन उर्फ भूरा की लाश बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी उद्योगपति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button