शादी से पहले बेटी को दूल्‍हा बनाकर कराई घुड़चढ़ी

मुरादाबाद,(उत्तर प्रदेश)। एक पिता ने समाज की रूढ़िवादी सोच के चलते अपनी बेटी के जन्‍म के समय खुशियां नहीं मनाईं। बाद में उन्‍हें जब अपनी गलती का अहसास हुआ तो बेटी की शादी से एक दिन पहले बेटे की तरह घुड़चढ़ी कराई। यह अनोखी घुड़चढ़ी मंगलवार की रात में मुरादाबाद की हिमगिरी कालोनी में हुई। बग्घी पर बैठी थी श्‍वेता और साथ में चल रहे थे उनके पिता राजेश शर्मा।

श्‍वेता फैशन डिजाइनर हैं। मंगलवार रात को हुए प्रोग्राम में लोग जमकर नाचे। मंदिर में पूजा हुई। दूल्हे की तरफ से निभाई जाने वाली सभी रस्म निभाई गईं। श्वेता के पिता राजेश शर्मा के शिक्षण संस्थान हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि मेरी बेटी श्वेता की उम्र 27 साल है। जब मेरी बेटी का जन्म हुआ, मैंने भी समाज की रूढ़िवादिता के चलते बेटी के जन्म पर खुशियां नहीं मनाईं। उससे पहले बेटे के जन्म पर खूब खुशियां मनाई थीं। काफी दिन से यह बात मुझे अंदर ही अंदर कचोट रही थी। तब मैंने तय किया था कि बेटी के विवाह पर इस गलती को सुधारूंगा। जब बेटों की घुड़चढ़ी हो सकती हो तो फिर बेटियों की क्यों नहीं कराई जा सकती।
राजेश शर्मा की पत्नी कुसुमलता शर्मा हाउसवाइफ हैं। एक बेटा अंकित है और एक बेटी श्वेता है। बेटे की शादी कुछ साल पहले कर दी थी। वह इंजीनियर है। राजेश कहते हैं कि अब बेटी को भी समानता का अधिकार देने के लिए जब बेटी की घुड़चढ़ी की तैयारियां कीं तो कई लोगों ने हतोत्साहित करने की कोशिश की। लेकिन मैंने उनकी नहीं सुनी। बकौल राजेश शर्मा शादी में फेरे और वरमाला की रस्म बुधवार की रात होगी। शादी मुरादाबाद के ही सिद्धांत शर्मा से हो रही है। वह इंजीनियर हैं और एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button