गाज़ियाबाद में हेड कॉन्स्टेबल का मोबाइल हैक, परिचितों से मांगे रुपये, करनी पड़ी साइबर सेल में शिकायत

गाज़ियाबाद । शालीमार गार्डन थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल का मोबाइल हैक कर शातिर ठग ने परिचित से रुपये मांगे। दो लोगों ने 27 हजार रुपसे ट्रांसफर कर दिए। थाने प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को जब यह संदेश आए तब मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर सेल थाने में शिकायत दी है। शालीमार गार्डन थाने पर हेड कांस्टेबल दिनेश शर्मा तैनात हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे उनके परिचितों के उनके वाट्सएप से संदेश मिले, जिसमें लिखा था कि उन्हें रुपये की बहुत जरुरत है।
इसके बाद खाता नंबर दिया था। दो लोगों ने 27 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। थाना प्रभारी रवि शंकर पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मियों के पास जब रुपये मांगने के संदेश आने लगे तो दिनेश से पूछा गया। उन्होंने अपना मोबाइल देखा तो सारा डाटा गायब था। तब उन्हें मोबाइल हैक होने की जानकारी हुई।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने मोबाइल पर चालू सभी खाते ब्लाक कराए। इसके बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। शाम को साइबर सेल थाने पहुंचकर शिकायत दी। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद भास्कर वर्मा ने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपित ठग के नंबर और खाते की डिटेल निकलवाई जा रही है।




