ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025: दुल्हन की तरह सज कर तैयार है भोपाल, जगमगा रहा है पूरा शहर
Global Investors Summit 2025: Bhopal is ready like a bride, the whole city is shining

भोपाल/एजेंसी। भोपाल में 24 और 25 फरवरी को होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस के लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट का उद्घाटन करेंगे। देश के टॉप 50 उद्योगपतियों समेत 25 हजार उद्योगपति इसमें शामिल होंगे। मेहमानों के स्वागत के लिए 33 करोड़ रुपये खर्च करके 17 किलोमीटर के रास्ते को सजाया गया है।
भोपाल में एयरपोर्ट से लेकर मानव संग्रहालय तक का रास्ता जगमगा रहा है। गौहर महल और बोट क्लब की भी कायापलट हो गई है। नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और स्मार्ट सिटी ने मिलकर सजावट, सड़क निर्माण और लाइटिंग का काम किया है। शहर के 17 किलोमीटर के हिस्से में लाइटिंग, पेंटिंग और सड़क निर्माण जैसे काम किए गए हैं। इससे शहर की खूबसूरती में चार चाँद लग गए हैं। खासकर एयरपोर्ट से लेकर मानव संग्रहालय तक का रास्ता तो देखते ही बनता है। गौहर महल और बोट क्लब को भी नए रूप में ढाला गया है।
राजा भोज की मूर्ति को सजाया गया
भोपाल की शान कही जाने वाले राजा भोज की प्रतिमा को भी विशेष तरीके से सजाया गया है। इस आयोजन में देश दुनिया के कई उद्योगपति शामिल हो रहे हैं। पूरे भोपाल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।
झील के आसपास के इलाकों को भी संवारा गया है। पूरे शहर में लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने सजावट पर लगभग 33 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। पीडब्ल्यूडी ने भी सड़कों को चमकाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। एयरपोर्ट रोड, VIP रोड, स्मार्ट सड़क, श्यामला हिल्स, बोट क्लब, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, एमपी नगर, रोशनपुरा, रंग महल, श्यामला हिल्स की मुख्य सड़कों का निर्माण और मरम्मत की गई है।
एयरपोर्ट रोड से ही पेंटिंग्स शुरू हो जाती हैं। लालघाटी, एयरपोर्ट रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे छत वाले हिस्से को कई रंगों से सजाया गया है। VIP रोड के एक हिस्से में मांडना समेत सांस्कृतिक और धार्मिक चित्र बनाए गए हैं। सेल्फी पॉइंट से लेकर राजा भोज की प्रतिमा, गौहर महल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, स्मार्ट रोड, सीएम हाउस, बोट क्लब, लेक व्यू तक, तरह-तरह की आकृतियाँ बनाई गई हैं।
करीब पांच किलोमीटर लंबे वीआईपी रोड को भी जगमगा दिया गया है। शुरुआत से लेकर आखिर तक लाइटिंग की गई है। लालघाटी चौराहे से खानूगांव चौराहे तक पेड़ों के ऊपर भी लाइटिंग की गई है। सड़क के बीचोंबीच सजावटी और फूलों के पौधे भी लगाए गए हैं। राजा भोज की प्रतिमा पर भी लाइटिंग की गई है। चौराहे पर फव्वारे शुरू कर दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों पर जीआईएस का लोगो भी लगाया गया है।
उद्योगपतियों के स्वागत के लिए भोपाल नगर निगम ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। एयरपोर्ट से लेकर मानव संग्रहालय, बोट क्लब, एमपी नगर, चार इमली, श्यामला हिल्स जैसे कई इलाकों में रंग-रोगन और फव्वारे लगाए गए हैं। इसके अलावा लाखों पौधे भी लगाए गए हैं।




