कौशाम्बी में ट्रेलर-ट्रैक्टर भिड़ंत, मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

सचिन पांडेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले में मंगलवार की सुबह हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ नेशनल हाईवे की है, जहां ईंट लदे ट्रैक्टर ट्राली और सामने से आ रहे ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और ईंटें सड़क पर बिखर जाने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर मनोज कुमार (25) पुत्र राम औतार निवासी सौरई बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर शहजादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक मजदूर के परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हाईवे पर लगे जाम को हटाने में जुट गई। इस हादसे से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।




