हत्यारोपी के लिए फांसी की मांग पर किया फ़तेहपुर कलक्ट्रेट का घेराव

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। दुष्कर्मी और हत्यारोपी को फांसी देने समेत सात मांगों को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने बुधवार को कलक्ट्रेट का घेराव किया। कार्रवाई में शिथिलता बरतने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त दिखा। एडीएम और एएसपी ने ज्ञापन लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कुछ हिंदूवादी नेताओं का प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिलने पहुंचा। कलक्ट्रेट परिसर में पुलिस और कार्यकर्ताओं के साथ कई बार नोंकझोक हुई। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस के शादी समारोह में आई युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी व्याप्त है। ताबड़तोड़ कार्रवाई न होने की मांग को लेकर विहिप, बजरंग दल समेत अन्य हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता नहर काॅलोनी में इकट्ठा हुए। नहर कालोनी में विहिप के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने कहा कि हिंदू लड़की की साजिश के तहत लव जिहाद में फंसाकर दुष्कर्म और हत्या की गई है।
घटना सामूहिक दुष्कर्म की है। यह दुर्दांत वारदात हिंदू समाज की अस्मिता पर प्रहार है। समाज में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन मामले में अभी तक कोई ऐसी कार्रवाई नहीं कर सका, जो नजीर बन सके। संगठन के सदस्य नहर कालोनी से पटेल नगर चौराहा पहुंचे। यहां भी वक्ताओं ने अपनी-अपनी बात रखकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में हत्यारे को फांसी देने और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ज्ञापन लेने के लिए डीएम को बुलाने की मांग रखी। हालांकि बाद में एडीएम विनय कुमार पाठक और एएसपी विजय शंकर मिश्र को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रमुख मांगों में पूरे प्रकरण की सीबीसीआईडी जांच कराई जाए।
परिवार को मुआवजा दिलाया जाए। आरोपी पर रासुका लगाया जाए। अवैध तरीके से कमाई संपत्ति, भूमि कुर्क हो, तीन मंजिल की पूरी इमारत में बुल्डोजर चलवाया जाए। ट्रैवल्स एजेंसी के नाम पर डग्गामारी कराई जा रही है, जिससे राजस्व को क्षति है। घोषी ब्रदर्स पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा फास्ट ट्रैक में चलाकर दुष्कर्मी और हत्यारोपी को फांसी दिलाई जाए। आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी की जाए। परिसर में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर हंगामा काटा।
रोकने पर कार्यकर्ताओं और कोतवाल एसबी सिंह के बीच नोकझोक हुई। एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिलने पहुंचा। इस मौके पर प्रमुख रूप से अर्चना त्रिपाठी, चंदन सिंह, विनय तिवारी, आनंद तिवारी, जीतू, स्मिता सिंह, प्रसून तिवारी, विक्की साहू, शानू सिंह, प्रीतू शुक्ला मौजूद रहे।




