हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर की राजनीति में एंट्री

शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर की राजनीति में एंट्री होने जा रही है। कमलेश ठाकुर हिमाचल की देहरा विधानसभा सीट का आगामी उपचुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को सूची जारी की। कमलेश ठाकुर का नाम पार्टी की ओर से कराए गए एक सर्वेक्षण और स्थानीय नेताओं से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर तय किया गया। वह देहरा विधानसभ क्षेत्र से हैं और आगामी उपचुनाव में उनका मुकाबला दो बार निर्दलीय विधायक रहे होशियार सिंह से होगा। होशियार सिंह बीजेपी के टिकट पर यह उपचुनाव लड़ रहे हैं।
दरअसल देहरा विधानसभा क्षेत्र 2010 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया। अब तक कांग्रेस इस सीट से नहीं जीत पाई है। यहां से 2012 में बीजेपी के रवींद्र सिंह रवि निर्वाचित हुए थे जबकि होशियार सिंह 2017 और 2022 में दो बार निर्दलीय के रूप में विधानसभा के लिए चुने गए थे। सोमवार को कांग्रेस ने पुष्पिंदर वर्मा को हमीरपुर और नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की हिमाचल इकाई के पांच बार अध्यक्ष रहे हरदीप सिंह बाबा को नालागढ़ से प्रत्याशी घोषित किया था।10 जुलाई को होगा उपचुनाव
वर्मा और बाबा का उनके पुराने प्रतिद्वंद्वियों क्रमश: कृष्णलाल ठाकुर और आशीष शर्मा से मुकाबला होगा। बतौर निर्दलीय कृष्णलाल ठाकुर ने वर्मा को और आशीष वर्मा ने बाबा को 2022 के विधानसभा चुनाव में हराया था। इन तीन विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होगा। ये तीनों सीट तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी।
बीजेपी ने किसको उतारा?तीनों विधायकों ने 27 फरवरी को (राज्यसभा चुनाव में) कांग्रेस के छह बागियों के साथ बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान किया था और बाद में वे 23 मार्च को बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी पहले ही तीनों निर्दलीय विधायकों आशीष शर्मा को हमीरपुर सीट, होशियार सिंह को देहरा और के एल ठाकुर को नालागढ़ से उपचुनाव में उतार चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button