भारत आ रहे जहाज पर ड्रोन अटैक के बाद भारतीय नौसेना सतर्क, अरब सागर में तैनात किए तीन युद्धपोत

नई दिल्ली/एजेंसी। व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले के बाद भारतीय नौसेना ने अरब सागर में तीन युद्धपोतों को तैनात कर दिया है। भारतीय नौसेना ने बताया कि युद्धपोत आइएनएस मोरमुगाओ, आइएनएस कोच्चि और आइएनएस कोलकाता सहित कई गाइडेड मिसाइल विध्वंसक तैनात किये गए है।
भारतीय तरक्षक बल ने वहां से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी है। नौसेना ने क्षेत्र में संदिग्ध जहाजों या गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मध्य अरब सागर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत की है। वहीं, भारतीय तटरक्षक बल के जहाज आइसीजीएस विक्रम की निगरानी में व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो सोमवार की दोपहर तीन बजे मुंबई बंदरगाह पर पहुंचा। जिस पर हाल ही में हमला किया गया था।
चालक दल के 21 भारतीय सदस्यों वाले वाणिज्यिक पोत पर शनिवार को पोरबंदर से करीब 217 समुद्री मील की दूरी पर हमला किया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज को सहायता प्रदान की थी।
ईओडी विशेषज्ञ दल ने एमवी केम प्लूटो का व्यापक निरीक्षण किया। नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि हमले के क्षेत्र और जहाज पर मिले मलबे के विश्लेषण से ड्रोन हमले की ओर इशारा मिलता है और सभी विवरणों का पता लगाने के लिए आगे के फोरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण की आवश्यकता होगी। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि जहाज के कार्गो को दूसरे जहाज में स्थानांतरित करने की योजना है। तटरक्षक बल, नौसेना, खुफिया एजेंसियों और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button