लखनऊ में किशोरी का अपहरण कर होटल में तीन दिन बंधक बनाकर दुष्कर्म, 70 वर्षीय मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
गांव के ही दंपती ने किशोरी का अपहरण कर घर से निकाला, जबकि अन्य आरोपितों ने उसे होटल तक पहुंचाने और बंधक बनाकर रखने में भूमिका निभाई।

लखनऊ/एजेंसी। मोहनलालगंज क्षेत्र में किशोरी के अपहरण के बाद उसे रायबरेली रोड स्थित एक होटल में तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म कराने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 70 वर्षीय मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। गांव के ही एक दंपती ने किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से निकाला, जबकि अन्य आरोपियों ने उसे होटल तक पहुंचाने और बंधक बनाकर रखने में सहयोग किया।
अपर पुलिस आयुक्त (एडीसीपी) आर. वसंत कुमार के अनुसार, मोहनलालगंज क्षेत्र की एक महिला ने 24 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी ननद 17 जुलाई से लापता थी। काफी तलाश के बाद 23 जुलाई को जानकारी मिली कि गांव के ही दुर्गेश रावत और उसकी पत्नी खुशबू उसे अपने साथ ले गए थे। इसके बाद किशोरी ने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी राबिया और उसका पति विनोद उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले गए, जहां 18 से 20 जुलाई तक उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इसी दौरान राबिया ने अपने परिचित द्वारिका रैदास को बुलाया, जिसने तीन दिनों तक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस कृत्य में अन्य आरोपी भी सहयोग करते रहे।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। साक्ष्य संकलन और पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने रविवार को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से द्वारिका रैदास, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों ने आपराधिक मंशा के तहत मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दुर्गेश, उसकी पत्नी खुशबू और विनोद ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की योजना बनाई, जबकि राबिया ने होटल में ठहराने और मुख्य आरोपी को बुलाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस होटल प्रबंधन की भूमिका, ठहरने से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




