मुझे हजारों लोगों ने पत्र भेजकर अपने घरों में रहने की पेशकश की : राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नयी दिल्ली में अपना आधिकारिक बंगला खाली करने के एक दिन बाद रविवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी ने बंगला वापस लेकर अच्छा काम किया है, क्योंकि उन्हें हजारों लोगों ने पत्र लिखकर अपने घरों में आकर रहने की पेशकश की है। राहुल ने मोदी उपनाम से जुड़े आपराधिक मानहानि के एक मामले में सूरत (गुजरात) की एक अदालत द्वारा दो साल की जेल की सजा सुनाए जाने और लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित किए जाने के बाद शनिवार को नयी दिल्ली में अपना आधिकारिक बंगला खाली कर दिया था।
वह अपनी मां सोनिया गांधी के बंगले में रहने चले गए थे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि वह लोगों के दिलों में बसते हैं और उन्हें किसी मकान की जरूरत नहीं है। राहुल ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा के खिलाफ है, जो ‘नफरत और हिंसा फैलाने में यकीन रखती है।’ उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिना डरे लड़ेगी और भाजपा की हार सुनिश्चित करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा, “भाजपा ने मेरे खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं, उन्होंने मुझे संसट से हटा दिया है, उन्होंने मेरा बंगला छीन लिया है, लेकिन हजारों लोगों ने मुझे पत्र लिखकर कहा कि राहुल जी हमारे घर आकर रहिए। मैं आपके दिलों में बसता हूं। मुझे किसी मकान की जरूरत नहीं। उन्होंने बंगला लेकर अच्छा किया है।”
राहुल ने कहा कि मामले में उन्हें अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) के लोगों के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल करने का दोषी ठहराया गया है। उन्होंने कहा, “पहले तो मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि मैं किसी के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं करता। मैं हिन्दुस्तान के हर नागरिक का सम्मान करता हूं। जैसा कि मैं कहता हूं कि मैंने नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोली है।” राहुल ढोल-नगाड़ों की आवाज के बीच शिवाजी सर्कल से कनकदास सर्कल तक एक विशाल रोड शो निकालने के बाद विजयपुरा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवन्ना की जयंती पर उनका जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य भाजपा नेता अपने भाषणों में लिंगायत समुदाय के इस महान दार्शनिक के बारे में केवल बातें करते हैं, लेकिन उनकी शिक्षाओं का अनुसरण नहीं करते।
कर्नाटक की भाजपा सरकार को ‘देश की सबसे भ्रष्ट सरकार’ बताते हुए राहुल ने दावा किया कि कांग्रेस राज्य में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनावों में कुल 224 सीटों में 150 सीटों पर जीत दर्ज करेगी, जबकि ‘40 फीसदी वाली भाजपा सरकार’ को सिर्फ 40 सीटों से संतोष करना पड़ेगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कर्नाटक के ठेकेदारों की उन शिकायतों की तरफ इशारा कर रहे थे, जिनमें उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य की भाजपा सरकार ने सरकारी ठेकों के बदले उनसे 40 फीसदी कमीशन की मांग की थी।




