गाजियाबाद में अब खुले में लगेंगी हेल्थ एटीएम मशीन, 24 घंटे मिलेगी जांच की सुविधा

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री की वरीयता में शामिल बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्थापित की गईं हेल्थ एटीएम अब बंद कमरों में नहीं चलेंगी। सीएमओ ने सख्त आदेश जारी करते हुए इनके लिए स्थान तय कर दिए हैं। जिला एमएमजी अस्पताल में ब्लड बैंक से हटाकर मशीन को एनसीडी विंग में लगाया जाएगा।
जिला एमएमजी अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में लगाई गई हेल्थ एटीएम से रक्तदान करने वालों का रक्तचाप,मधुमेह,आक्सीजन स्तर हीमोग्लोबिन और वजन ही नापा जा रहा है।संयुक्त अस्पताल में इमरजेंसी से हटाकर लेबर रूम में लगाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। कोविड के दौरान सीएसआर फंड के तहत मरीजों की सुविधा के लिए सात हेल्थ एटीएम लगाईं गईं थी। इनमें से कई मशीन बंद पड़ी हैं। स्ट्रिप्स के अभाव में कई जगह जांच नहीं हो रही है।
हेल्थ एटीएम से सेहत संबंधी 59 जांच हो सकती हैं, लेकिन वर्तमान में अधिकांश मशीन ब्लड प्रेशर, लंबाई और वजन नापने के काम आ रही हैं। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि लेबर रूम 24 घंटे खुला रहता है और यहां पर इनका सही सदुपयोग संभव हैं। लेबर रूम के बाहर ओपन में इनकों लगाया जाएगा।




