अमेरिकी दूतावास ने पाकिस्तान में बंद किया वीजा का काम, खामेनेई की मौत पर प्रदर्शन के बाद फैसला

इस्लामाबाद/एजेंसी। अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कहा कि हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर उसने इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और कराची व लाहौर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में अपनी वीजा और अन्य सेवाएं बंद कर दीं। रविवार को कराची और लाहौर में अमेरिकी दूतावास के बाहर हिंसक प्रदर्शन हुए थे।
इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास तथा पेशावर में वाणिज्य दूतावास के बाहर प्रदर्शन करने का भी आह्वान किया गया था। कराची में उग्र भीड़ ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के भीतर जबरन घुसने की कोशिश की थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर दूतावास के सुरक्षा गार्डों ने गोलियां चलाई थीं जिसमें दस प्रदर्शनकारियों की जान गई थी और 30 से अधिक घायल हुए थे। दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, ”इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और कराची तथा लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के लिए सभी अमेरिकी वीजा और अन्य सेवाओं के अप्वाइंटमेंट रद कर दिए गए हैं।” यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में देशभर में प्रदर्शनों हो रहे हैं।
देशभर में कम से कम 23 प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं।अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को स्थानीय समाचारों पर नजर रखने और सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के दरवाजे और खिड़कियां टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं।
एएनआई के अनुसार, शिया-बहुल गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में स्कॉर्दू में प्रदर्शनकारियों ने कई यूएन कार्यलय समेत कई सरकारी कार्यालयों को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे वहां कफ्र्यू लगा दिया गया। पाकिस्तान सेना को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बुलाया गया है। स्कार्दू में 11 प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनों के चलते कराची के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कई सड़कें बंद कर दी गईं। प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है। इस्लामाबाद पुलिस ने बताया कि सड़कों पर भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद है और यातायात का प्रबंधन कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button