मुंबई में बड़े आतंकी हमले की साजिश! आईबी की वॉर्निंग के बाद पुलिस अलर्ट
माटुंगा का एक मंदिर बंद, चेकिंग जारी

मुंबई/एजेंसी। खुफिया ब्यूरो ने मुंबई में आतंकी हमले की सूचना दी है। चेतावनी के बाद पूरे मुंबई में अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खासकर उन पूजा स्थलों पर पुलिस की खास नजर है, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। लोगों की तलाशी ली जा रही है। पूछताछ जारी है। कुछ संदिग्ध लोगों पर पुलिस की नजर भी है। वहीं एक मंदिर में कुछ आशंका बाद बाद उसे श्रद्धालुओं के लिए शनिवार को बंद कर दिया गया।
मुंबई पुलिस एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमें भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलिस उपायुक्त अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे ‘
शुक्रवार को, भीड़भाड़ वाले क्रॉफर्ड मार्केट इलाके में भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने इस अभियान को सुरक्षा अभ्यास बताया, लेकिन उन्होंने और जानकारी नहीं दी। अधिकारी ने कहा, ‘आगामी त्योहारों और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर हम क्रॉफर्ड मार्केट और शहर भर के अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा अभ्यास कर रहे हैं।’
चेंबूर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने एक मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया, जबकि माटुंगा में सुबह पुलिस निरीक्षण के बाद एक मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया। शनिवार सुबह से कड़ी निगरानी जारी है। धार्मिक स्थलों पर मुंबई पुलिस और खुफिया एजेंसियों का कड़ा पहरा है।




