दो झोलाछाप डॉक्टर की करतूत: बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने एक को पकड़ा

गाजियाबाद ब्यूरो। खोड़ा के इंदिरा विहार कालोनी में क्लीनिक चलाने वाले दो झोलाछाप साकिब और जकी ने दिल्ली की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के पति ने खोड़ा थाने में नामजद केस दर्ज कराकर बताया है कि धोखे से जकी उनकी पत्नी को साकिब के घर ले गया। लंबे समय से ठीक नहीं हो रही खांसी के उपचार के बहाने दोनों ने बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर घिनौनी करतूत की। पुलिस ने सोमवार को साकिब को गिरफ्तार कर लिया। जकी की तलाश की जा रही है।
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी की तबीयत काफी दिन से खराब थी। वह दिल्ली में एक चिकित्सक से उपचार करा रही थी। आराम नहीं मिलने पर साकिब से फोन पर संपर्क किया। वह पहले साकिब के पास उपचार के लिए आ चुकी थी। वह खुद को एमबीबीएस की डिग्री वाला डाक्टर बताता था। उसने उनकी पत्नी को इलाज के लिए क्लीनिक पर आने के लिए कहा। सात जून को वह गई तो दवा देकर भेज दिया। आराम नहीं मिलने उसे फोन पर बताया तो उसने फिर से बुलाया। वह 19 जून को आई तो क्लीनिक बंद था। पास में ही क्लीनिक चलाने वाला झोलाछाप आया और बोला कि साकिब घर पर है। वह उसे साकिब के घर ले गया। महिला के पति का आरोप है कि घर पर साकिब ने बेहोशी का इंजेक्शन लगाया । इसके बाद दोनों ने दुष्कर्म किया।
वीडियो बनाकर दी मुंह बंद रखने की धमकी
महिला के पति का कहना है कि दुष्कर्म के बाद पत्नी गुमसुम हो गई। पूछने पर भी कुछ बता नहीं रही थी। कई बार पूछने पर उसने बताया कि उसके साथ साकिब और जकी नाम के झोलाछाप ने दुष्कर्म किया है। इस दौरान की वीडियो भी बना ली है। धमकी दी है कि अगर दुष्कर्म के बारे में किसी को बताया तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। पति का कहना है कि इसकी जानकारी मिलने पर उसने केस दर्ज कराया।
दूसरे की तलाश जारी
एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दूसरे की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button